ABC News: श्रीमद्भगवत गीता आयोजन समिति की ओर से गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे शहर में छोटी-छोटी मानव शृंखला बनाकर श्रीमद्भगवत गीता का संदेश दिया गया. कीर्तिमान स्थापित करने की मानव शृंखला बनाने के महायज्ञ में पूरे शहर ने अपनी-अपनी आहुतियां अर्पित की.

समिति की ओर से 151 किमी की गीता संदेश मानव शृंखला बनाने की योजना थी. जिसे शहरवासियों के उत्साह ने 200 किमी से ज्यादा पहुंचा दिया. गुरुवार को सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक हर गली, हर चौराहे पर स्कूली छात्र-छात्राएं, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों हाथों में गीता के संदेश की तख्तियां और जुबां पर सुनो-सुनो गीता का सार… की गूंज रही. गीता के महायज्ञ में शामिल होने के लिए मानो एक घंटे के लिए पूरा शहर थम गया हो. जो जहां था वो वहां पर अपने परिचितों के साथ छोटी-छोटी शृंखला बनाकर खड़ा हो गया. गुरुवार को सुबह से ही हर गली-मोहल्ले और चौराहों पर गीता संदेश मानव शृंखला की तैयारी चलती रही. सुबह के 11 बजते ही शहर के लगभग सभी स्कूल, कालेज के साथ धार्मिक, व्यापारिक, समाजसेवी सहित 260 संगठन और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 650 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शहर को गीतामय करने के लिए गीता के संदेश का प्रसार किया.

आरोग्यधाम, ग्वालटोली की तरफ से भी जगह जगह मानव श्रृंंखला बनाई गईं. स्कूली बच्चों के साथ पूरे उत्साह से होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. हेमंत मोहन और डॉ. आरती मोहन ने मानव श्रृंखला बनाई. यहां पर आरआर मोहन ने छात्रों के बीच गीता जयंती के बारे में भी बताया. गुरुदेव चौराहे से लेकर स्वरूप नगर, काकादेव, कल्याणपुर, गुमटी, फूलबाग, गुजैनी, जरीब चौकी, रूमा, घंटाघर, नरौना, दादानगर, रामादेवी, कृष्ण नगर, शुक्लागंज, बिठूर, श्याम नगर सहित शहर के हर चौराहों पर छोटी-छोटी मानव शृंखलाओं का मनोहारी दृश्य देखने को मिला. गुमटी चौराहे के पास रामकृष्ण मिशन स्कूल के छात्रों ने कतारबद्ध होकर तख्तियों की मदद से गीता के संदेशों का प्रसार किया. स्कूल के अध्यापक और समिति के परमानंद शुक्ल की अगुवाई में छात्रों ने जन-जन को गीता के संदेशों से सराबोर किया. वहीं, रूमा स्थित आचार्य रघुवीर इंटर कालेज, लालबंगला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर की ओर से लालबंगला के क्षेत्र और रूमा से महाराजपुर तक शृंखला बनाई गई. इसी प्रकार जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, एचबीटीयू, कृषि विश्वविद्यालय, सर पदमपत सिंहानिया स्कूल में सैकड़ों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं गीता का संदेश प्रसारित करते दिखे.

इस अवसर पर आयोजन समिति के मुख्य प्रचारक अमरनाथ जी, संरक्षक राजीव महाना, डा. उमेश पालीवाल, कृष्ण कुमार दुबे, भूपेश अवस्थी, प्रशांत सूरी, बृजेश नारायण त्रिपाठी, आरके सिंह, सुबोध, अनुराग, अरुण, आरके सिंह, संजीव पाठक, मनोज सेंगर सहित सैकड़ों समिति के सदस्य छोटी-छोटी मानव शृंखलाओं से गीता के संदेश का प्रचार करते दिखे. शहरवासियों ने मानव शृंखला की फोटो समिति को भेजकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित की. श्रीमद्भगवत गीता जयंती आयोजन समिति की ओर से विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के लिए तीन नवंबर को गीता संदेश मानव शृंखला में शहरवासियों के उत्साह ने गीता जयंती के मौके पर ग्रीनपार्क में एक लाख लोगों द्वारा सामूहिक गीता पाठ की सफलता की इबारत लिख डाली.

मानव शृंखला के जरिए शहरवासियों ने गीता को सुने जीवन का सही मार्ग चुनें, गीता पढ़े हर क्षेत्र में आगे बढ़ें, नित्य गीता स्वाध्याय करेंगे, जीवन का उत्थान करेंगे, गीता जीवन गीत बनें शांति प्रेम संगीत बनें, गीता ज्ञान महान है भारत का अभियान है, गीता ग्रंथ महान है भारत की पहचान है, जियो गीता के संग सीखो जीन का ढंग, गांव मोहल्ला देश-विदेश फैलाएं गीता संदेश, जो नर करते गीता गान उनमें जगते सद्गुण महान आदि ने वातावरण को गीतामय किया.

