ABC News: देश के 2 बड़े शिक्षण संस्थानों IIT कानपुर और नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट में तेंदुए ने दहशत फैला रखी है. वन विभाग की टीम को तेंदुआ पकड़ने में लगातार नाकामी हासिल हो रही है. दोनों संस्थानों के बाद अब तेंदुआ नारामऊ के जंगलों में घूम देखा जा रहा है.

IIT में देर रात 1 बजे से तड़के 4 बजे तक वह हवाई पट्टी से लेकर पेट्रोल पंप तक घूमता रहा. इस दौरान उसने एक कुत्ते का पीछा भी किया. वन विभाग ने कुल छह पिंजरे और 9 इंफ्रारेड ट्रैपिंग कैमरे लगाए हैं. तेंदुए के कारण कई गांवों में दहशत है. एनएसआई डायरेक्टर प्रो. नरेंद्र मोहन ने बताया कि तेंदुआ पकड़ने के लिए कैंपस में 8 हाई रेज्योलेशन के कैमरे लगाए जा रहे हैं. कैंपस में स्थित जंगलों को कटाई की जा रही है. हॉस्टल में रह रहीं छात्राओं को शाम 6 से सुबह 6 बजे तक निकलने पर रोक लगाई गई है. उनके आने-जाने के लिए वाहनों को लगाया गया है. वहीं हाईमास्ट लाइट भी संस्थान में लगाई जा रही हैं. कानपुर में दीपावली के अगले दिन से आईआईटी के आसपास दहशत का कारण बना तेंदुआ वन विभाग के हाथ नहीं आ रहा है. लाख प्रयासों के बावजूद पकड़ में न आने के बाद वन विभाग ने अब पैदल गश्त की बजाय आईआईटी कैंपस में हाइड आउट बनाया है, जहां पूरी रात घात लगाकर तेंदुए का इंतजार किया जा रहा है. संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ उस क्षेत्र में बार-बार आ रहा है. वन विभाग को NSI व आसपास लकड़बग्घा होने के भी प्रमाण मिले हैं. NSI में शनिवार रात सड़क पर मिट्टी बिछाई गई थी, उसमें लकड़बग्घे के भी पैरों के निशान मिले. रविवार शाम सवा छह बजे तेंदुआ पेम गांव के पास पहुंचा और एक कुत्ते पर हमला कर उसे जंगल की ओर खींच ले गया. ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी, तब यूपी 112 व वन विभाग की टीम पहुंची. डीएफओ श्रद्धा यादव ने बताया कि पेम, बैरी, अकबरपुर, होरा कछार आदि गांवों में अलर्ट जारी किया गया है. ड्रोन कैमरों की मदद से भी तेंदुए की तलाश की जा रही है.

