ABC News: मेरी प्रेमिका के घर बरात लेकर गए तो खून की होली होगी.., कोई कुछ नहीं कर पाएगा. यह धमकी एक सिरफिरे शोहदे ने किदवई नगर क्षेत्र की शिक्षिका के मंगेतर को फोन पर दी. इतना ही नहीं उसने शिक्षिका को भी शादी न करने और दो लाख रुपये न मिलने पर तेजाब डालने की धमकी दी है. पीड़िता ने आरोपित के पिता से शिकायत की तो उसने एडिट कर शिक्षिका की आपत्तिजनक फोटो प्रचलित कर दी. पीड़िता ने किदवई नगर थाने में आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.

किदवई नगर थाना क्षेत्र निवासी युवती प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका है. उसके मुताबिक, कुछ साल पहले बेनाझाबर रोड स्थित मस्जिद में रहने वाला सुभहान अंसारी अपने पिता व चाचा के साथ चंदा लेने आता था. इस दौरान उससे बातचीत होने लगी. इसी बीच जब वह परिजन संग गंगा बैराज घूमने गई तो सुभहान भी पहुंच गया और उसके साथ उसने सेल्फी ले ली, लेकिन बाद में उसने शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इन्कार करने पर वह ब्लैकमेल करने लगा. कई बार रास्ता रोककर शादी न करने पर फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी भी दी. उसके पिता से शिकायत करने पर उसने आपत्तिजनक फोटो रिश्तेदार और मंगेतर को भेज दी. उसने मंगेतर को फोन कर बरात लाने पर खून की होली होने की भी धमकी दी. किदवई नगर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि पिता-पुत्र पर आइटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपित की तलाश की जा रही है.

