ABC News: विजय नगर स्थित चिल्ड्रेन पार्क की जगह पर तैयार किए गए मियावाकी जंगल का नाम नमो वन रखा गया है. इसके लोकार्पण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं. 30 अक्टूबर को कानपुर में आ रही राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से इसका लोकार्पण कराया जा सकता है. शुक्रवार को एडीएम सिटी अतुल कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने पहुंचकर यहां का निरीक्षण किया.

राज्यपाल से लोकार्पण की तैयारियों के चलते मियावकी जंगल के चारों ओर बाउंड्री वॉल का रंगरोगन किया जा रहा है. मुख्य द्वार को भी केसरिया रंग से रंगा जा रहा है. वहीं पूरे रूट की सफाई के साथ ही ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया जा रहा है. नगर निगम उद्यान अधीक्षक डा. वीके सिंह ने बताया कि विजय नगर में जापानी मियावाकी पद्धति से करीब 1.80 लाख पौधे लगाए गए हैं. जो 2 साल बाद घने जंगल के रूप में तैयार हो गए हैं. इन अर्बन जंगलों से शहर में पॉल्यूशन का स्तर कम हो रहा है और ऑक्सीजन की मात्रा में भी बढ़ रही है.

क्या है मियावाकी पद्धति
छोटे-छोटे स्थानों पर छोटे-छोटे पौधे रोपे जाते हैं, जो साधारण पौधों की तुलना में 10 गुना तेजी से बढ़ते हैं. गड्ढा खोदने के भी पहले तीन प्रजातियों की एक लिस्ट बनानी होती है. इसके लिए ऐसे पौधे चुने जाते हैं, जिनकी ऊंचाई पेड़ बनने पर अलग-अलग हो सकती है. जिसके बाद एक गड्ढा बनाकर कम्पोस्ट की एक परत डाली जाती है, सबसे ऊपर लाल मिट्टी की एक परत बिछाई जाती है. इसी को मियावाकी पद्धति कहा जाता है. जिसका आविष्कार मियावाकी नामक जापान के एक वनस्पतिशास्त्री ने किया था. जामुन, मौलश्री, आडू, नाशपाती, शहतूत, करौंदा, मेहंदी, तुलसी, अर्जुन, पिलखन, शीशम, गोल्डमोहर, कैजुरिना, सुखचैन, गूलर, आम, बॉटल ब्रश, जेट्रोफा, बांस, कनैर, पारस पीपल, अशोक, अमरूद, नींबू, किन्नू, फाइकस, टिकोमा, चम्पा, कलैंड्रा आदि पेड़ शामिल हैं.

