ABC NEWS: दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय करेंसी पर लक्ष्मी और गणेश जी की फोटो लगाने की मांग की है. उन्होंने अर्थव्यवस्था की बेहतर स्थिति और देश को विकसित बनाने के लिए ‘देवी-देवताओं के आशीर्वाद’ की जरूरत बताते हुए ऐसा कहा है. केजरीवाल ने यह भी कहा कि नोट के एक तरफ गांधी जी की तस्वीर रहने दी जाए और दूसरी तरफ लक्ष्मी-गणेश की फोटो हो. वह इसके लिए पीएम मोदी को लेटर भी लिखने जा रहे हैं.
अरविंद केजरीवाल ने कहा- भारतीय अर्थव्यवस्था काफी नाजुक दौर से गुजर रही है. डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होता जा रहा है. इसकी मार आम आदमी को भुगतनी पड़ रही है. ऐसा क्यों है कि आज भी भारत विकासशील और गरीब देश माना जाता है. हम सब चाहते हैं कि भारत अमीर देश बने और हर भारतवाशी अमीर परिवार बने. इसके लिए बहुत सारे कदम उठाने की जरूरत है. हमें बड़ी संख्या में स्कूल खोलने हैं, अस्पताल बनाने हैं. इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है. लेकिन कोशिश तभी कामयाब होगी जब हमारे ऊपर देवी देवताओं का आशीर्वाद होता है. कई बार देखते हैं कि कोशिश का परिणाम नहीं आ रहा है तब लगता है कि देवी देवताओं का आशीर्वाद हो तो नतीजे आने लगते हैं.
परसों दिवाली थी, हम सबने श्रीगणेश जी और लक्ष्मी जी की पूजा की. हमने सुख शांति की प्रार्थना की। हम यह भी देखते हैं कि जितने व्यापारी हैं, सब लोग अपने यहां जरूर लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति लगाकर रखते हैं. आज मेरी केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री से अपील है कि भारतीय करेंसी पर एक तरफ गांधी जी की तस्वीर है वह ऐसे ही रहनी चाहिए दूसरी तरफ गणेश जी की और लक्ष्मी जी की तस्वीर हो.

