ABC NEWS: दीपावली पर अवकाश के चलते उद्योगों में उत्पादन बंद होने के साथ सड़क पर वाहनों की संख्या भी कम हो जाने से सोमवार को शाम सात बजे तक प्रदूषण से मामूली राहत रही लेकिन आधी रात आने तक स्थिति फिर बिगड़ने लगी. आतिशबाजी पीक पर होने से धूल-धुएं और गैसों के कण डार्क रेड जोन के करीब पहुंच गए. प्रदूषण के कारण लोगों का सांस लेना दूभर हो गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार रविवार को कानपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 266 था लेकिन सोमवार को यह घटकर 174 पहुंच गया.
हालांकि केवल 02:30 घंटों के बाद ही किदवई नगर सेंटर पर 230, नेहरू नगर सेंटर पर एक्यूआई 205 और एनएसआई पर एक्यूआई 197 रहा. रात 12 बजे तीनों सेंटरों पर इसकी मात्रा 300 के नजदीक पहुंच गई जो रेड जोन में आती है. लखनऊ, बरेली, आगरा, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज सहित यूपी के अन्य कई शहरों में आतिशबाजी से हवा का प्रदूषण बढ़ा रहा.
सोमवार यानि 25 अक्टूबर 2022 की सुबह 7 बजे लखनऊ के लालबाग क्षेत्र में एयर क्वालिटी इंडेक्स 207, आगरा के संजय पैलेस के पास 322, बरेली के सिविल लाइन्स क्षेत्र में 205, वाराणसी के मलदहिया इलाके में 180, प्रयागराज के नगर निगम क्षेत्र में 164, कानपुर के किदवईनगर क्षेत्र में 242, गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय क्षेत्र में 168, नोएडा के सेक्टर 116 में 349 और मेरठ के गंगानगर क्षेत्र में 253 पाया गया. इसमें सबसे खराब स्थिति नोएडा की पाई गई है.
कैसे चढ़ा फिर अचानक ग्राफ
रविवार को बाजार की आपाधापी और उद्योगों के खुले होने के कारण एक्यूआई इस माह का सर्वाधिक हो गया था लेकिन सोमवार को अवकाश के कारण उद्योग लगभग पूरी तरह बंद रहने और ट्रैफिक में कमी के कारण एक्यूआई कम हो गया. पर इसके बाद आतिशबाजी ने प्रदूषण बढ़ा दिया. न सिर्फ धूल-धुएं के कण बढ़ गए बल्कि खतरनाक गैसें जैसे सल्फर डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड आदि की मात्रा बढ़ गई. हवा की रफ्तार बेहद कम रहने से प्रदूषण लंबे समय तक ठहरने की स्थिति में आ गया.
शाम सात से रेड जोन की शुरुआत
शाम सात बजे सीपीसीबी के नेहरू नगर सेंटर पर धूल-धुएं (पीएम 2.5) के कणों की संख्या अधिकतम 373 पर पहुंच गई. इसके बाद यह बढ़ती गई. शहर के दक्षिणी क्षेत्र में प्रदूषण अधिक रहा। यहां का एक्यूआई शाम सात बजे 230 रहा। पीएम 2.5 के कण 391, पीएम 10 की मात्रा 331 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही। यह रात 12 बजे बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई. नाइट्रोजन डाइऑक्साइड की मात्रा 61 और कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा 105 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही.

