ABC NEWS: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कानपुर का अपना घर बेच दिया. दयानंद विहार स्थित इस घर को 1 करोड़ 80 लाख में बेचा है. अब इस घर में डॉक्टर दंपती श्रीति बाला और डॉक्टर शरद कटियार रहेंगे. शुक्रवार को पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए कानपुर में मकान की रजिस्ट्री हुई है.
कोविंद ने पावर ऑफ एटॉर्नी आनंद कुमार के नाम की थी. उन्होंने शुक्रवार को कानपुर में रजिस्ट्री कर दी. इंद्रानगर दयानंद बिहार के एम ब्लॉक में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का मकान है.
राष्ट्रपति रहते वह या उनकी पत्नी सविता कोविंद यहां आते रहते थे। मकान नंबर-42 ब्लॉक-M. HIG, फेज-2 स्कीम, महर्षि दयानंद विहार, कानपुर नगर को रामनाथ कोविंद ने 25 साल पहले वकील रहते हुए बनवाया था. घर उन्हीं के नाम था. घर में ड्राइंग रूम, तीन कमरे, वॉशरूम, बाथरूम, किचन और एक पीछे की तरफ सर्वेंट क्वार्टर, एक सीढ़ी है. सिर्फ एक फ्लोर बना है.
कोविंद के घर के चलते VIP हो गया था इलाका
पूर्व राज्यसभा सदस्य रहे रामनाथ कोविंद के राष्ट्रपति बनते ही उनके कानपुर का आवास सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था. प्रोटोकॉल के तहत पुलिस की एक कंपनी उनके आवास पर तैनात रहती थी. उनके आवास के चलते यह क्षेत्र VIP दर्जा रखता था.

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के कानपुर मकान को खरीदने वाले डॉक्टर दंपती.
कोविंद का घर मिलने को सौभाग्य मानते हैं डॉक्टर दंपती
कोविंद का कार्यकाल खत्म होने के बाद प्रोटोकॉल और परंपरा के तहत उन्हें दिल्ली में बंगला मिला है. उनका परिवार अब वहीं रहेगा. डॉक्टर शरद कहते हैं कि यह मेरा सौभाग्य है. ईश्वर ने कृपा की कि मुझे इस मकान में रहने का अवसर मिलेगा. वे इसे पूर्व राष्ट्रपति की कृपा मानते हुए इसे प्रॉपर्टी के जरिए से न देखने का अनुरोध करते हैं. कीमत भी नहीं बताते हैं. वह दिल्ली में कोविंद से भेंट के बाद उनकी सरलता और सज्जनता की बार-बार प्रशंसा करते हैं. शरद और श्रीति बाला बिल्हौर में श्रीश नर्सिंग होम के नाम से प्राइवेट हॉस्पिटल चलाते हैं और कान्हा-श्याम में रहते हैं.

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पत्नी सविता कोविंद और साथ में उनका मकान खरीदने वाली डॉ श्रीति बाला
5 साल में सिर्फ एक बार घर आईं सविता कोविंद
राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद इस घर में कभी नहीं आए. हालांकि, उन्होंने कानपुर का सबसे ज्यादा दौरा किया है. रामनाथ कोविंद अपनी गांव की जमीन पूर्व में ही दान दे चुके हैं. जहां स्कूल और सामाजिक कार्यों के लिए बारातघर बना है. एक मात्र बचा मकान भी अब उन्होंने डॉक्टर दंपती को बेच दिया है. हालांकि, कोविंद के राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पत्नी सिर्फ एक बार कानपुर के दौरे में अपने दयानंद विहार स्थित घर आई थीं.

