ABC NEWS: संगम नगरी प्रयागराज में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रयागराज में डेंगू से अब तक 2 लोगों की मौत हो गई है. गुरुवार को शहर के प्रतिष्ठित कालेज के एक शिक्षक की क्लास रुम में पढ़ाने के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शिक्षक डेंगू से पीड़ित थे. मामला सिविल लाइन इलाके के सेंट जोसेफ कॉलेज का है. 32 वर्षीय शिक्षक अल्फ्रेड सुमित कुमार कुजूर कुछ दिनों पहले ही डेंगू की चपेट में आये थे.
वह इंटर के बच्चों को कॉमर्स पढ़ाते थे. गुरुवार दोपहर भी वह कक्षा 11 के बच्चों को कामर्स सब्जेक्ट पढ़ा रहे थे. इस बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. जब तक लोग कुछ समझ पाते क्लास में ही उनकी मौत हो गई. डेंगू से शिक्षक की मौत के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया. स्कूल प्रबंधन की ओर से दो दिनों के लिए स्कूल में शिक्षण कार्य स्थगित कर दिया गया है. शिक्षक की मौत के बाद स्कूल अब दीपावली की छुट्टियों के बाद ही खुलेगा.
सेंट जोसेफ कालेज के प्रधानाचार्य फादर थॉमस कुमार के मुताबिक, मसीही कॉलोनी निवासी अल्फ्रेड सुमित कुमार कुजूर ने 3 माह पहले ही स्कूल में जॉइन किया था. उनकी मां मोरिन कुजूर भी इसी विद्यालय में हिंदी पढ़ाती थीं, लेकिन अब वे सेवानिवृत्त हो चुकी हैं. कामर्स शिक्षक सुमित कुमार को कई दिनों से बुखार आ रहा था और वह डेंगू से पीड़ित थे और उनकी प्लेटलेट घटकर 25 हजार तक आ गई थी. वह कई दिनों से अवकाश पर थे. बच्चों का कॉमर्स का कोर्स पिछड़ रहा था, इसलिए गुरुवार को तबियत में सुधार के बाद स्कूल वापस लौटे थे. प्रिंसिपल फादर थामस कुमार के मुताबिक सुमित का अंतिम संस्कार आज म्यौराबाद स्थित कब्रिस्तान में किया जाएगा. उनकी 2 वर्ष पहले ही शादी हुई थी. उनकी पत्नी भी एसएमसी कालेज में शिक्षिका हैं.

