ABC News: यूपीपीसीएस 2021 के फाइनल नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए गए. परीक्षा में अभ्यर्थी अतुल कुमार सिंह को पहला स्थान मिला है जबकि सौम्या मिश्रा दूसरे स्थान पर रही हैं. अतुल कुमार प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं, वहीं तीसरा स्थान प्रतापगढ़ के ही अमनदीप ने हासिल किया है. यूपी लोक सेवा आयोग के सचिव आलोक कुमार ने नतीजा घोषित किया है. एसडीएम और डिप्टी एसपी समेत 29 प्रकार के पदों पर 627 अभ्यर्थियों का सेलेक्शन हुआ है. कुल 678 पदों में से 627 के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है.

यूपी लोक सेवा आयोग ने अपनी वेबसाइट पर नतीजे प्रकाशित कर दिए हैं. दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को रिजल्ट जारी करने पर लगी रोक हटा दी थी. कोर्ट ने अपने फैसले में आयोग को परिणाम घोषित करने की इजाजत दे दी थी. माना जा रहा था कि नतीजे एक हप्ताह के अंदर जारी हो जाएंगे जबिक ये रोक हटने के 24 घंटे बाद ही लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों को दीपवाली का तोहफा देते हुए रिजल्ट जारी कर दिया.पीसीएस भर्ती का मामला पूर्व सैनिकों को पांच फ़ीसदी आरक्षण देने के मामले में दायर याचिका को लेकर लंबित था. हाई कोर्ट में इसकी सुनवाई चल रही थी. पीसीएस 2021 की भर्ती परीक्षा का विज्ञापन पिछले साल निकाला गया था. इस भर्ती परीक्षा में तकरीबन सात लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. हालांकि प्रारंभिक परीक्षा में साढ़े तीन लाख के करीब अभ्यर्थी ही शामिल हुए थे. प्रारंभिक परीक्षा में 5957 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था. मुख्य परीक्षा के बाद कमीशन ने मुख्य परीक्षा में 1285 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया था. इन्हीं अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया था. सितंबर महीने में इन अभ्यर्थियों का इंटरव्यू किया गया था.

