ABC NEWS: जल्द ही कानपुर में रोडवेज बसों का बेड़ा बढ़ेगा. उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम ने इसके लिए कवायद तेज कर दी है. तीन माह के अंतराल में 150 नई बसें निजी आपरेटरों से अनुबंध के आधार पर सड़क पर उतारी जाएंगी. इससे डग्गामारी भी रुकेगी। चालक-परिचालक व बस अड्डे रोडवेज के होंगे. बसें बढ़ने से नए रूटों पर संचालन होगा, जिससे यात्रियों की सहूलियतें बढ़ेंगी.
वर्तमान में निजी आपरेटरों से अनुबंध के आधार पर रोडवेज 37 बसें चला रहा है. अब इनकी संख्या 150 करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. सात प्रकार की बसों को अनुबंध में लिया जाएगा. इसमें ग्रामीण, साधारण, स्लीपर, वातानुकूलित आदि श्रेणियां रहेंगी.
उत्तरप्रदेश सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि तीन माह के अंदर बसों का बेड़ा बढ़ा दिया जाएगा। इसके लिए निजी बस संचालक आवेदन कर सकते हैं. अलग-अलग क्षेत्र व प्रकार की बसों के लिए दरें निर्धारित की गई हैं. कानपुर, बुंदेलखंड और आसपास के जिलों के लिए ये बसें चलाई जाएंगी.

