ABC News: आकासा एयरलाइंस के एक विमान को उड़ान भरने के बाद वापस मुंबई के एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा. विमान की केबिन में कुछ जलने की गंध आने के बाद यह कदम उठाया गया. बताया जा रहा है कि आकासा एयरलाइंस के बोइंग मैक्स वीटी-वाईएई विमान ने शनिवार (15 अक्टूबर) को जब उड़ान भरी तो उसका इंजन सामान्य रूप से काम कर रहा था लेकिन केबिन से कुछ जलने की गंध आने लगी.

विमान मुंबई से बेंगलुरु जा रहा था. जलने की गंध आने पर विमान को वापस मुंबई की ओर मोड़ दिया गया. मुंबई में जांच के दौरान पता चला कि विमान से कोई पक्षी टकरा गया था. इंजन में पक्षी के अवशेष पाए गए हैं. सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के दिवंगत निवेशक और शेयर व्यापारी राकेश झुनझुनवाला और उनके परिवार की आकासा एयरलाइंस में सबसे ज्यादा करीब 45 फीसदी हिस्सेदारी है. झुनझुवाला के बाद दूसरे नंबर पर कंपनी के फाउंडर और सीईओ विनय दुबे की 16.13 फीसदी हिस्सेदारी है. कंपनी के प्रमोटर्स में विनय दुबे के अलावा, संजय दुबे, नीरज दुबे, पीएआर कैपिटल वेंचर्स, माधव भटकुली और कार्तिक वर्मा के नाम शामिल हैं.

