ABC News: हाथों में पिया के नाम की मेहंदी और चांद के साथ सजना का दीदार कर सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य के महाव्रत का पारण विधिवत किया. सोलह शृंगार कर भगवान शिव और पार्वती मां से सुहागिनों ने सुख-समृद्धि और पति के दीर्घायु की प्रार्थना की.

चांद निकलते ही सुहागिनों ने छलनी की ओट से किया चांद संग पिया का दीदार कर व्रत पूरा किया. निर्जला व्रत पूर्ण होते पिया के चरण छूकर आशीर्वाद लिया. अखंड सौभाग्य के महाव्रत मनोहारी नजारा स्वरूप नगर, आर्यनगर, गोविंद नगर, गुमटी सहित घर-घर देखने को मिला. कई स्थानों पर सैकड़ों सुहागिनों ने सामूहिक पूजन कर प्राचीन परंपरा का पालन किया. विधिवत पूजन अर्चन के बाद सजनी ने पिया संग सेल्फी ली और उपहार प्राप्त कर खुशी जाहिर की. पांडुनगर स्थित पार्क, माडल टाउन, गोविंद नगर स्थित दुर्गा मंदिर और कौशलपुरी स्थित सनातन धर्म मंदिर में गुरुवार को करवा चौथ पूजन में प्राचीन परंपरा देखने को मिली. मंदिर और पार्क में सुहागिनों ने सामूहिक पूजन अर्चन कर पति के दीर्घायु की कामना की. कौशलपुरी स्थित सनातन धर्म मंदिर में सुहागिनों ने भगवान शिव और माता पार्वती के भजन गाकर कथा का श्रवण किया. इसी प्रकार गोविंद नगर स्थित दुर्गा मंदिर में पूजन थाली लिए सुहागिनें चांद का इंतजार करती रही. चांद निकलते ही पूजन रस्म अदा कर सुहागिनों ने ढोलक की थाप पर भजन गाए. कल्याणपुर, श्याम नगर, स्वरूप नगर, नवाबगंज और एनआरआइ सिटी के अपार्टमेंटों से सुहागिनों ने बड़ी संख्या में चांद का दीदार किया. .

