ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) कानपुर के योगेंद्र विहार में मकान में तोड़फोड़ व कब्जा कर सामान चोरी करने के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर पर आरोपितों का साथ देने और जबरन आरोपितों से समझौता करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. गुरुवार को पीड़िता ने घर की दीवार पर योगी जी मेरे मकान को बचाओ का पोस्टर लगा मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है. पुलिस ने पीड़ित और आरोपित परिवार को हनुमंत विहार थाने बुलाया है.
एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने कहा कि हनुमंत विहार थाने में एक महिला ने चार अक्टूबर को उसके घर पर कुछ लोग तोड़फोड़ और कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है. संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है. बहुत जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी.
नवंबर माह में होनी है बेटी की शादी
नयापुरवा निवासी गुड्डी गुप्ता ने बताया कि उनका योगेंद्र विहार में भी एक मकान है, जहां पहले उनके पति मुन्नालाल गुप्ता का शक्कर के बताशे बनाने का कारखाना खोले थे, लेकिन सालभर पहले वह मानसिक अस्वस्थ हो गए और कारखाना बंद हो गया था. तीन नवंबर को उनकी बेटी की शादी होनी है. उस मकान पर दहेज का सामान व कारखाने का वारदाना आदि सामान रखा था.
जबरन मकान में घुस आरोपितों ने घर का सामान फेंका
महिला ने बताया कि मकान पर ताला लगा था. 30 सितंबर की देर रात क्षेत्र के रोहित सिंह चौहान, मोहित सिंह चौहान व दो अन्य लोगों ने जेसीबी से मकान का गेट व दीवार तोड़ दी व सारा सामान लोडर से चोरी कर मकान पर कब्जा कर लिया था. चार अक्टूबर को इसकी जानकारी मिलने पर हनुमंत विहार थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लगाई गुहार
आरोप है कि पुलिस ने मकान बनवाने व सारा सामान वापस दिलाने का आश्वासन देकर दो के नाम हटवा रोहित व मोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था जिसके बाद से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। पुलिस के आरोपितों की गिरफ्तारी न करने पर गुरुवार को पीड़िता और उनके बेटे व बेटी ने घर की दीवार पर पोस्टर लगा मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है.

