ABC News: नौबस्ता में घर से घूमने निकले दो किशोर लापता हो गए. घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं लगने पर थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है.

नौबस्ता के लालपुर नई बस्ती निवासी पंकज सैनी फ्लॉवर डेकोरेटर हैं. पंकज ने बताया कि बेटा प्रत्युष सैनी (14) उर्फ लक्की घाटमपुर के ऊमरी गांव स्थित अनुभव इंटर कालेज का छात्र है. शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे पड़ोस में रहने वाले फर्नीचर कारीगर राम किशोर विश्वकर्मा का बेटा अमन (15) घर पहुंचा. दोनों कुछ देर में घूम कर वापस आने की बात कह कर निकल गए. अमन अपने घर से साइकिल और मोबाइल लेकर आया था. देर रात तक दोनों घर नहीं पहुंचे. उनका मोबाइल भी बंद था. काफी खोजने के बाद भी पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया. नौबस्ता इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं. किशोर साइकिल से जाते हुए दिखाई दिए हैं. रेलवे स्टेशन, बस अड्डों में भी तलाश की गई है.

