ABC News: स्वच्छ भारत मिशन फेज-दो के तहत 51 गांव बुलंदशहर के मॉडल पर विकसित किए जाएंगे. रविवार को पंचायत सचिव, गांव के प्रधान और सफाई कर्मी प्रशिक्षण लेने के लिए बुलंदशहर भेजे गए हैं. बुलंदशहर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम व सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट (एसएलडब्ल्यूएम) की दिशा में बेहतर काम हुए हैं. उसका प्रयोग अब यहां भी किया जाएगा.

स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी घरों को शौचालय मुहैया कराने के लिए बाद शासन ने 2024-25 तक जिले के सभी गांवों को पूरी तरह स्वच्छ बनाने की कवायद शुरू की है. पहले चरण में पांच हजार से ज्यादा आबादी वाले 51 ओडीएफ प्लस राजस्व गांवों को पूरी तरह से स्वच्छ बनाकर मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है. इनके लिए 10 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. बुलंदशहर भेजे गए लोगों के लौटने के बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी. डीपीआरओ कमल किशोर ने बताया कि गांवों को पूरी तरह खुले में शौच से मुक्त करने, ठोस कचरा निस्तारण व्यवस्था, तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त गांव और माहवारी प्रबंधन पर काम किया जाएगा.

