ABC NEWS: उत्तर पश्चिम से आ रही शुष्क हवाएं मानसून का रास्ता रोक रही हैं. बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा शुष्क हवा से मिलकर बादल बना रही हैं, लेकिन मानसून की रेखा बदलने से वर्षा में कमी आई है. रविवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने 20 सितंबर के बाद हवा की दिशा बदलने पर वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है.
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में आने के कारण तीन दिन तक लगातार वर्षा होती रही, लेकिन वर्तमान में निम्न दबाव का क्षेत्र परिवर्तित हुआ है।
इसके चलते मानसून की अक्षीय रेखा गंगानगर, हिसार, बरेली, गोरखपुर, गया, रांची, बालासोर होते हुए बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर-पूर्वी यूपी और आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। साथ ही चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर है, जो समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला है।
इसके प्रभाव से 20 सितंबर तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के पास कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है। जब यह कम दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़, बिहार होते हुए यूपी का रुख करेगा, तब इन राज्यों में दोबारा वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
फिलहाल अगले दो दिन तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप खिलने और उमस होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी व हल्की वर्षा भी हो सकती है।

