ABC NEWS: UP के फतेहपुर जिले की शहर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक उपनिरीक्षक (दारोगा) द्वारा पुलिस अधीक्षक (एसपी) को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है. मामले में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी.
फतेहपुर सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अमित कुमार मिश्रा ने शनिवार को बताया कि शहर में स्थित हरिहरगंज चूना वाली गली में रहने वाले उपनिरीक्षक (SI) राजेंद्र सिंह (Sub-Inspector Rajendra Singh) कानपुर देहात के एक थाने में तैनात हैं. उप निरीक्षक ने शुक्रवार की रात शराब के नशे में पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार सिंह (IPS Rajesh Kumar Singh) को उनके सीयूजी मोबाइल फोन पर कॉल कर गाली-गलौज किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी.
इससे पहले 18 मार्च, 2022 को आरोपी दारोगा शहर स्थित अपने घर आया था और नशे में धुत दारोगा ने पड़ोसी से मामूली कहासुनी में अपने लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी थी, जिससे पड़ोस का एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया था. इस मामले में वह जेल गया था और निलंबन की कार्रवाई हुई थी.
एसएचओ ने बताया कि शुक्रवार की रात एक बार फिर नशे में धुत आरोपी एसआई राजेन्द्र सिंह ने एसपी राजेश कुमार सिंह के सीयूजी नंबर पर कॉल किया, जिसे पीआरओ ने रिसीव किया और इस दौरान एसआई ने गाली-गलौज करते हुए एसपी राजेश कुमार सिंह को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया.
मिश्रा ने बताया कि पीआरओ की तहरीर पर आरोपी दारोगा के खिलाफ शनिवार को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है.

