ABC NEWS: UP के बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक दलित नाबालिग किशोरी का शव रेलवे स्टेशन के पीछे जंगल से पुलिस ने बरामद किया है. किशोरी के परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने इसकी जानकारी दी . हालांकि इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसके बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है.
पुलिस के अनुसार, फैजगंज बेहटा थाना इलाके के एक गांव में रेलवे स्टेशन के पीछे 15 वर्षीय दलित किशोरी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने उसे बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
Uttar Pradesh | We received info that the dead body of a minor girl was found in a jungle near Asafpur Railway Station under Faizganj Behta PS limits in Badaun dist today. Dead body sent for post-mortem. A case will be registered for further probe: Badaun SSP Dr Om Prakash Singh pic.twitter.com/XVxyIZuhqn
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 17, 2022
मां ने कहा, बेटी के साथ दुष्कर्म, पुलिस स्टाफ और बैंकगार्ड साजिश में शामिल
परिजनों का आरोप है कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है. मृतका की मां ने बातचीत में आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया है और इस साजिश में पुलिस चौकी का स्टाफ और बैंक के बाहर ड्यूटी करने वाले गार्ड सभी शामिल हैं.
परिजनों का आरोप – पुलिस बिना सूचना दिए शव उठा लाई
पीड़िता की मां ने कहा कि उसकी लड़की के कपड़ों को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है. परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बिना सूचना दिए शव उठा लाई और हम लोगों को उसकी शिनाख्त करने के लिये बदायूं पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया.
पुलिसकर्मी ने सूचना दी कि आपकी बेटी का एक्सीडेंट हो गया
लड़की के चाचा ने बताया कि हमें एक पुलिसकर्मी ने सूचना दी कि आपकी बेटी का एक्सीडेंट हो गया है और हम जब मौके पर पहुंचे तो वहां लाश नही थी. पता चला कि शव बदायूं भेज दिया गया है. उन्होंने भी दोहराया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है.
पीड़िता के चाचा ने कहा, पुलिस ने घटनास्थल से सारे सबूत मिटा दिए
पीड़िता के चाचा ने कहा कि हमारे गांव से घटना स्थल की दूरी डेढ़ किलोमीटर है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से सारे सबूत मिटा दिए और हमें आशंका है कि लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है.
एसएसपी ने कहा, मामले में कठोर कार्यवाही की जाएगी
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ओपी सिंह ने बताया कि संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और इस मामले में कठोर कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के एक पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी. एसएसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ा कर कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसे गिरफ्तार कर घटना का शीघ्र अनावरण किया जाएगा.

