ABC NEWS: आज 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 72वां जन्मदिन है. इस अवसर पर पीएम ने मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए तीन चीतों को छोड़ा. नामीबिया से आठ चीतों को लाया गया है. इस अवसर पर पीएम ने कहा कि वर्षों की मेहनत सफल हुई. देश में 7 दशक बाद चीतों की वापसी हुई है. चीते सुबह ग्वालियर हवाई अड्डे पर पहुंचें थे, इसके बाद हेलिकॉप्टर से उन्हें कूनो ले जाया गया. ग्वालियर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया.
बॉक्स खुलते ही तेजी से बाहर आए चीते
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही लीवर घुमाकर बॉक्स को खोला चीते तेजी से बाहर आ गए. उनके गले में रेडियो कॉलर लगाया गया था। चीतों ने घूमकर अपने बाड़े का जायजा लिया. चीतों को एक महीने तक बाड़े में क्वारंटाइन रखा जाएगा. इस दौरान देखा जाएगा कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है. सबकुछ ठीक रहने पर उन्हें खुले जंगल में छोड़ा जाएगा.

हैट और काले चश्मे में दिखे पीएम
चीतों को छोड़ने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैट और काला चश्मा पहने दिखे. उन्होंने जैकेट पहना हुआ था. बाड़े में आने के बाद चीते जब नए माहौल को भांप रहे थे तब प्रधानमंत्री ने ताली बजाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन चीतों को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ दिया है. उन्होंने लीवर घुमाकर चीतों को आजाद किया. चीते जब बाड़े में गए तो नरेंद्र मोदी ने कैमरा लेकर खुद उनकी फोटोग्राफी की.
चीतों का फिर से आना ऐतिहासिक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नामीबिया से चीतों को मध्यप्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में लाया गया है. यह एमपी के लिए बहुत बड़ा उपहार है. वे विलुप्त हो गए थे। उन्हें फिर से लाना ऐतिहासिक कदम है. इससे मप्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

भारत में बढ़ेगी चीतों की संख्या
चीतों को खास हवादार बॉक्स में रखकर लाया गया। आठ चीतों में पांच मादा और तीन नर शामिल हैं. मादाओं की उम्र दो से पांच साल के बीच है, जबकि नर चीतों की उम्र 4.5 साल और 5.5 साल है. इन चीतों की मदद से भारत में इनकी संख्या बढ़ेगी.

