ABC NEWS: बिहार के बेगूसराय की सड़कों पर हुए “खूनी खेल” में लापरवाही बरतने के आरोप में सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. अभी तक दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इनकी धर पकड़ के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, जो कई जगहों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं.
इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से पटना पहुंच चुके हैं. यहां से वह बेगूसराय जाएंगे. पटना पहुंचते हैं कि गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा, “बेगूसराय की घटना बिहार के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. जब से महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी है, लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था पूरी बिगड़ गई है.”
गिरिराज सिंह ने कहा, “राजधानी में ही नीतीश कुमार की पुलिस अपने थाने में ही सुरक्षित नहीं है. थाने में घुसकर पुलिस वाले को मारा जा रहा है. मुख्यमंत्री को स्वीकार करना होगा कि जंगल राज आ गया है, जनता राज नहीं है। आज तक बिहार में इस तरीके की घटना नहीं हुई है.”
#WATCH | “Whenever a ‘mahagathbandan’ govt is made, law & order situation deteriorates… CM (Nitish Kumar) has now termed ‘Jungle raj’ to ‘Janta raj’,” said Union Minister Giriraj Singh upon reaching Bihar’s Patna after Begusarai firing incident pic.twitter.com/GSRNPrJV3F
— ANI (@ANI) September 14, 2022
सड़क चलते लोगों पर की गई गोलीबारी
बिहार के बेगूसराय शहर को मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की. नेशनल हाइवे 28 पर निकले इन बदमाशों ने एक के बाद एक कई जगहों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई.
कुल 10 लोगों को इन बदमाशों ने गोली मारी, जिनमें से एक चंदन कुमार नाम के शख्स की मौत हो गई. सीसीटीवी में यह पूरी घटना कैद हो गई है. एक के बाद एक घायल लोग बेगूसराय के सिविल और निजी अस्पतालों में लाए गए. पूरे शहर में अफरातफरी थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ पैर फूल गए.
चार थाना क्षेत्रों से गुजरे बदमाश, पुलिस बनी रही तमाशबीन
फुलवरिया, बछवाड़ा, तेघडा और चकिया थाना इलाकों मे फायरिंग की एक के बाद एक खबर आती रही. चार थाना क्षेत्रों से बदमाश गुजरे और उन्होंने 40 मिनट तक 30 किमी के दायरे में गोलीबारी की. मगर, पुलिस की नाकामी के चलते वे आराम से फरार हो गए. हाल के महीनों में पहली बार इस तरह सरेआम एक के बाद एक 10 लोगों को गोली मारी गई.
बेगूसराय समेत 6 जिलों में नाकेबंदी
इस घटना के बाद पुलिस ने पूरे शहर को सील कर दिया. एसपी से लेकर आईजी तक सड़कों पर आ गए हैं. पास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है. पटना, समस्तीपुर, खगडिया, नालंदा, लखीसराय जिलों में नाकेबंदी की गई है. पुलिस ने ताबड़तोड़ छापे भी मारे, लेकिन बाइक सवार इन बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है.
हर हर महादेव चौक पर एनएच 31 किया जाम
बेगूसराय में बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को बेगूसराय बंद का आह्वान किया है. इसके तहत भाजपा जिला अध्यक्ष राज किशोर सिंह के नेतृत्व में हर हर महादेव चौक पर एनएच 31 में जाम लगा दिया गया है. इसकी वजह से एनएच 31 पर वाहनों की कतार लग गई है.
भाजपा नेताओं ने कहा कि जबसे तेजस्वी की गोद में नीतीश कुमार बैठे हैं, पूरे बिहार में अपराधी बेलगाम हैं. बाइक सवार बदमाशों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया है. पुलिस न तो कोई कार्रवाई कर पाई है और न ही बदमाशों को अभी तक गिरफ्तार कर पाई है. इसके विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है.

