ABC News: मिलावटखोरों के खिलाफ एडीएम सिटी की कोर्ट ने बड़ी कार्रवाई की है. सैंपल फेल होने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से दर्ज मामले में 13 कारोबारियों पर 6.80 लाख रुपये का जुर्माना लगा है. ज्यादातर सैंपल सब स्टैंडर्ड व मिथ्याछाप पाए गए हैं.

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त द्वितीय विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जाजमऊ में नीरज स्वीट हाउस की दुकान में बूंदी का लड्डू मिथ्याछाप मिला था. 90 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है. काकादेव के सिल्वर स्पून्स बेकरी में रेड सॉस अधोमानक मिला. 75 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया. बिल्हौर के आदेश द्विवेदी की दुकान में दूध अधोमानक मिला और 30 हजार रुपये का जुर्माना लगा. रामादेवी के पंकज कुमार गुप्ता की दुकान में बेसन अधोमानक मिला और उन पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. यशोदा नगर की न्यू भोला दूध डेयरी का खोवा अधोमानक मिलने व नौबस्ता के रामू गुप्ता की दुकान में मिल्क रस्क मिथ्याछाप मिलने पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया.

