ABC News: संभागीय परिवहन प्राधिकारण (आरटीए) की मंडलायुक्त राजशेखर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पिंक ऑटो को हरी झंडी दे दी गई. पहले चरण में 100 परमिट जारी होंगे, इनमें महिलाएं ही सफर करेंगी. घाटमपुर और शिवराजपुर में सीएनजी टेंपो-ऑटो के परमिट जारी करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी.

यहां पर अभी डीजल ऑटो चलते हैं. सीएनजी पंप खुलने से अब इन्हें परमिट जारी किए जाएंगे. तीन नए सीएनजी और एलपीजी किट रिट्रोफिटमेंट सेंटरों और नौ कॉमन कैरियरों (बस ट्रांसपोर्ट एजेंसी) को मान्यता दी गई. पिंक ऑटो को परमिट जारी करने के लिए एसीएम छह की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी. इसमें ट्रैफिक, महिला कल्याण और परिवहन विभाग के एआरटीओ शामिल होंगे. कमेटी आवेदनों पर योग्य महिला आवेदकों का चयन लॉटरी सिस्टम से करेगी. निजी बस ऑपरेटरों के कोरोना काल की वजह से परमिट नवीनीकरण में हुई देरी पर आवेदनों पर नरमी बरतते हुए उन्हें छूट देने के निर्देश दिए गए. वहीं, शहर में छोटी सिटी बसों के बजाय 42 सीटर बसों को चलाने पर सहमति बनी. बैठक में एडीएम सिटी अतुल कुमार, परिवहन उपायुक्त विजय कुमार और आरटीओ प्रशासन राजेश सिंह मौजूद रहे.

