ABC News: चुनाव आयोग द्वारा फेक पॉलीटिकल पार्टीज की जांच के बाद अब फंडिंग को लेकर आयकर विभाग ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार को आयकर अफसरों की टीम ने जनराज्य पार्टी के कानपुर में तीन स्थानों पर छापा शुरू किया है. काकादेव ,किदवई नगर, केशव नगर में आयकर विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हें.

बताते चलें कि चुनाव आयोग के निर्देश पर आयकर विभाग ने ऐसे राजनीतिक दलों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है जो लगातार चंदा वसूल रहे हैं लेकिन चुनावी प्रक्रिया में कोई भागीदारी नहीं कर रहे हैं. कानपुर में आयकर विभाग की टीम ने जनराज्य पार्टी के कार्यालय व राष्ट्रीय आरएस यादव व एक अन्य के घर व दफ्तर पर छापा मारा है. ये कार्रवाई काकादेव में किदवई नगर वाई ब्लाक में रवि शंकर सिंह यादव और पार्टी कार्यालय केशव नगर डब्लू ब्लाक तथा किदवई नगर में की जा रही है. आरएस यादव जन राज्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे व्यक्ति भी पार्टी से ही जुड़े बताए जा रहे हैं. इनकम टैक्स की टीम उन्हें और उनके पिता हरि राम सिंह यादव को लेकर सर्वोदय नगर स्थित कोऑपरेटिव बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गई. दोनों के बैंक खातों की जांच के साथ लाकर भी चेक किए हैं और फिर इनकम टैक्स की टीम लौटकर उनके घर आ गई है. बैंक अधिकारियों को भी घर पर बुलाया गया है. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश की जन राज्य पार्टी को साल 2020- 21 में 2 करोड़ 67 लाख 68 हज़ार 803 रुपए, साल 2019-20 में तीन करोड़ 33 लाख 11 हज़ार 740 रुपए जबकि साल 2018-19 में दो करोड़ 61 लाख 96 हज़ार 602 रुपये चंदे के रूप में मिला. इन चारों सालों में जन राज्य पार्टी को कुल 11 करोड़ 50 लाख 25 हज़ार 145 रुपये चंदे के रूप में पूरे देश से मिला. चुनाव आयोग के निर्देश पर आयकर विभाग की यह कार्रवाई देश में 173 स्थानों पर चल रही है. दिल्ली स्थित आयकर विभाग का मुख्यालय द्वारा पूरी कार्रवाई का निर्देशन कर रही है.सभी जिले और राज्य की इकाई अपने अपने कार्रवाई करने में शामिल है.

