ABC NEWS: कानपुर से दिल्ली जा रही मालगाड़ी इटावा जंक्शन के पास पलटने से बच गई हालांकि इंजन से सातवां व आठवां वैगन पटरी से उतर गये लेकिन कैची प्वाइंट आ जाने के कारण फिर पटरी पर आ गए. ड्राइवर की सूझबूझ के कारण हादसा होने से बच गया क्योंकि उसने थोड़ी दूर जाकर मालगाड़ी को रोक लिया और रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया.
बताया गया है कि तकनीकी कारणों के चलते यह हादसा हुआ। हालांकि रेलवे के अधिकारी घटना का कारण बताने से इंकार कर रहे हैं. स्टेशन अधीक्षक पूरन मल मीना सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को दुरस्त करने का काम किया गया.
इस घटना के कारण दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग करीब 30 मिनट तक बाधित रहा। पूरन मल मीना ने बताया कि तकनीकी कारणों की वजह से ऐसा हुआ था. अभी इस मामले में कुछ कहा नहीं जा सकता. रेल लाइन को थोड़ी क्षति पहुंची है उसे ठीक किया जा रहा है। मालगाड़ी खाली जा रही थी.

