ABC News: झांसी के घनाराम के चार्टर्ड अकाउंटेंट दिनेश सेठी का इलेक्ट्रानिक लाकर आयकर अधिकारियों ने खोल लिया है. इस लाकर में से आयकर अधिकारियों को 12.14 लाख रुपये की नकदी मिली है. आयकर विभाग ने पूरा कैश जब्त कर लिया है. घनाराम ग्रुप अपने फ्लैट को बेचने में मिले धन को आय नहीं दिखाने की भी पुष्टि हुई है. स्काईटावर में 96 फ्लैट में 40 प्रतिशत बिक चुके हैं.

झांसी स्थित घनाराम समूह पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा था. उसी दौरान झांसी के कई बिल्डरों पर भी छापे मारे गए थे. इसमें सबसे चर्चा का मामला था समूह के चार्टर्ड अकाउंटेंट का बीमार होने की वजह से अस्पताल में भर्ती होना. आयकर अधिकारियों ने उनके घर से इलेक्ट्रानिक लाकर बरामद किया था. अब आयकर अधिकारियों ने यह इलेक्ट्रानिक लाकर खोल लिया है. इसमें 12.14 लाख की नकदी भी आयकर विभाग ने अपने कब्जे में ले ली है. आयकर अधिकारी अभी इस पूरी कार्रवाई में गणना कर रहे हैं कि कितना टैक्स लगेगा. अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि स्काई टावर के फ्लैट के अलावा जमीन भी बेची गई हैं. इसमें स्टांप शुल्क व आयकर बचाने के लिए सर्किल रेट से भी कम पर बिक्री दिखाई गई है. इसके अलावा 70 प्रतिशत पैसा नकद लिया गया लेकिन उसे आय नहीं दिखाया गया. इसे लेकर आयकर अधिकारी दोबारा पूछताछ करेंगे. स्काई टावर में 96 फ्लैट हैं। इसमें से 40 प्रतिशत बिक चुके हैं या उनका पैसा मिल चुका है. इनकी बिक्री से मिले धन को नहीं दिखाया गया है जबकि आयकर के नियमों के मुताबिक जो धन जिस वित्तीय वर्ष में मिलता है, उसे उसी वर्ष की आय में दिखाया जाता है. इसके साथ ही अब तक स्काई टावर का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. झांसी में ही ओम शांति बिल्डर के 132 फ्लैट हैं. इनका रसबहार नाम से टावर है. इनके फ्लैट की बिक्री भी करीब-करीब पूरी हो चुकी है. जिन फ्लैट का धन मिल चुका है लेकिन रजिस्ट्री नहीं हुई है, उनकी रकम को अपनी आय नहीं दिखाया गया है. आयकर विभाग को धन मिलने के ये सबूत भी मिल चुके हैं. झांसी के शिवान्ता होम ने ड्यूप्लेक्स फ्लैट बनाए हैं. इसमें एक फ्लैट की कीमत 56 लाख रुपये बताई गई है. इस तरह के 92 फ्लैट हैं. इसमें जिनकी बिक्री हो चुकी है और जिनकी आधी राशि बुकिंग के नाम पर ली गई है, उनमें से किसी भी राशि को अपनी आय में नहीं दर्शाया गया है.

