ABC NEWS: कानपुर में सड़कों के किनारे खुले में बने कूड़ा घर जल्द ही गायब हो जाएंगे. इनकी जगह बाजारों के आसपास भूमिगत स्मार्ट कूड़ा घर बनाए जाएंगे. इससे सड़क पर बने कूड़ा घरों के बाहर फैली गंदगी और बदबू से लोगों से राहत मिलेगी. साथ ही सुगम यातायात की राह में अवरोध बनने वाले कचरे से भी मुक्ति मिल जाएगी.नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा अजय संखवार ने बताया कि सितंबर माह के दूसरे पखवारे से भूमिगत कूड़ाघर का निर्माण शुरू हो जाएगा. अभी बड़ा चौराहा क्षेत्र में भूमिगत कूड़ाघर बना है.
नगर निगम ने प्रथम चरण में अभी छह स्थानों का चयन किया है. दावा है कि सितंबर माह के दूसरे पखवारे से भूमिगत कूड़ा घरों का निर्माण शुरू हो जाएगा. इसकी जिम्मेदारी जागृति फाउंडेशन संस्था को दी गई है, जिसने बड़ा चौराहा पर भूमिगत कूड़ाघर बनाया है.
सड़क पर बनेंगे सिर्फ छोटे कूड़ा घर : नगर निगम शहर की स्वच्छता पर दाग लगाने वाले सड़कों के किनारे खुले कूड़ा घरों की जगह अब भूमिगत कूड़ा घर बनाने जा रहा है. इनकी जगह सड़क पर सिर्फ डस्टबिननुमा चार मीटर चौड़ा व लंबा कूड़ाघर होगा. इसमें लोग और सफाई कर्मचारी गंदगी डालेंगे. अभी खुले में 50 से 100 वर्गगज जगह में कूड़ाघर बने हैं. नई व्यवस्था से जगह भी बचेगी.
ये छह स्थान हुए चिह्नित
-स्वरूप नगर
-जाजमऊ
-पनचक्की चौराहा फूलबाग
-बाकरगंज
-कल्याणपुर
-गोविंद नगर
खुले कूड़ाघरों से दिक्कत
-सड़क तक गंदगी फैलने से जाम लगा रहता है.
-बदबू से लोगों का जीना दूभर हो जाता है.
-बरसात में कूड़ा भीगने से भारी हो जाता है और उसे उठाने में दिक्कत आती है.
खासियत: नजर नहीं आएगा, कूड़ा पूरा भरते ही अलार्म बजेगा
-भूमिगत कूड़ाघर का डस्टबिन का कुछ हिस्सा ही दिखेगा, गंदगी नजर नहीं आएगी.
-गुब्बारेनुमा बैग में गंदगी भरती चली जाएगी.
-इसमें ढाई से तीन टन कूड़ा एकत्र होगा.
-कूड़ा घर पूरा भरते ही अलार्म बजने लगेगा. इसके बाद नगर निगम की टीम कूड़े को वाहन में भरकर भाऊसिंह स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में पहुंचा देगी.

