ABC NEWS: कानपुर के मर्दनपुर गांव में सोमवार देर रात किराना व्यापारी के घर मे घुसे तीन लुटेरों ने दंपती पर तमंचा और तलवार लगाकर जेवर व 45 हजार रुपये लूट लिए. लुटेरे जाते समय बाहर से कुंडी भी लगा गए. सुबह बडे भाई ने गेट व दरवाजा खोला तब घटना की जानकारी हुई. मौके पर एडीसीपी साउथ, एसीपी गोविंद नगर के साथ गुजैनी थाने का फोर्स, फोरेंसिक व डाग स्क्वाड पहुंचा.
मर्दनपुर गांव निवासी किराना व्यापारी अमित साहू ने बताया कि घर के पास ही उनका एक और मकान है, जहां उनकी दुकान है. उस मकान की पहली मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है जिसके चलते वहां भूतल पर पीछे की तरफ बने कमरे में छोटा भाई अतुल साहू उर्फ आशू और उनकी पत्नी ललिता साहू व पांच वर्षीय बेटा कार्तिक रात में रुकते हैं.
ललिता ने बताया देर रात करीब डेढ़ बजे तीन लोग छत के रास्ते से घर मे घुस आए. तीनों ने उसे व पति को जगाया और पति पर तमंचा व मेरी गर्दन पर तलवार लगा दी. लुटेरों ने उनका जबरन मंगलसूत्र व बाले उतरवाए और बेड के पास पड़े दुकान के 45 हजार रुपये ले लिए. लुटेरों ने जाते समय बाहर से दरवाजे और गेट पर कुंडी लगा दी थी.
सुबह करीब पांच बजे दूध की गाड़ी बाहर आई और दुकान बंद देख हार्न बजाने लगा, लेकिन दरवाजा बंद होने से वो लोग नहीं निकल सके. जिसके बाद दूध वाला दूसरे घर पहुंच अतुल के बड़े भाई अमित को जानकारी दी. तब उन्होंने गेट व दरवाजा खोला और सभी को घटना की जानकारी हुई. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वाड ने जांच कर साक्ष्य जुटाए.
एसीपी विकास पांडेय ने लूट की घटना हुई है, जिसने भी की है वह उनके घर के बारे में जनता है.उसे मालूम था कि छत से नीचे जाने के लिए जीने की तरफ कोई दरवाजा नहीं लगा है. शटरिंग लगाने वाले मजदूरों पर शक जा रहा है. तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच चल रही है.

