ABC NEWS: भूपेंद्र चाैधरी को यूपी भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से कानपुर के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है. उत्तर और दक्षिण कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण किया. इस अवसर पर भाजपा उत्तर ने जिलाध्यक्ष सुनील बजाज और दक्षिण जिला अध्यक्ष बीना आर्या ने कहा पार्टी को और मजबूती मिलेगी. नए प्रदेश अध्यक्ष बनने की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. दक्षिण कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा था. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करा बधाई दी.
लंबा रहा है संगठनात्मक अनुभव
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूदा समय में पंचायती राज मंत्री हैं. वह पश्चिम क्षेत्र से दो बार क्षेत्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं. 2014 के आम चुनाव में भाजपा को पहली बार पश्चिमी यूपी की सभी सीटों पर जीत दिलाने का श्रेय नए प्रदेश अध्यक्ष को जाता है. नए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को बहुत लंबा संगठनात्मक अनुभव है. कार्यक्रम में प्रबोध मिश्रा, मनीष त्रिपाठी, गणेश शुक्ला, अमित मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव,कृपा शंकर मिश्रा आदि मौजूद रहे.
मुरादाबाद के हैं भूपेंद्र चौधरी
भूपेंद्र सिंह चौधरी पश्चिमी यूपी के मुस्लिम बाहुल्य मुरादाबाद जिले के छोटे से गांव महेंद्री सिकंदरपुर से आते हैं. साल 1968 में उनका जन्म हुआ और उन्होंने शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल में हासिल की. पढ़ाई के दौरान वह आरएसएस से जुड़ गए थे और साल 1989 में बीजेपी की सदस्यता ली. बीजेपी में शामिल होने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी 1993 में मुरादाबाद जिला कार्य समिति में सदस्य बनाए गए. इसके बाद 1994 में जिला कार्यकारिणी के कोषाध्यक्ष और फिर 1995 में जिला महामंत्री बने. 1996 से 2000 तक बीजेपी जिलाध्यक्ष रहे. साल 2000 में ओबीसी विभाग के संयोजक बने और 2007 में क्षेत्रीय मंत्री का जिम्मा उन्हें सौंपा गया. पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय मंत्री के तौर पर रुहेलखंड के इलाके में बीजेपी को मजबूत करने में उन्होंने भूमिका अदा की.

