ABC News: 1984 में भारत और पाकिस्तान के बीच सियाचिन को लेकर हुई झड़प के दौरान 19 कुमाऊं रेजीमेंट के लांसनायक चंद्रशेखर हर्बोला बर्फीली तूफ़ान के चपेट में आकर शहीद हो गए थे. उस तूफ़ान में 19 जवान शहीद हुए थे, जिसमें से 14 के शव बरामद हो गए थे, लेकिन पांच शव नहीं मिले थे. 38 साल बाद जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो शहीद चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर उनके घर हल्द्वानी पहुंचेगा.

जिस समय चंद्रशेखर शहीद हुए थे उनकी उम्र 27 साल थी और उनकी दो बेटियां थीं 7 साल और 4 साल की. आज उनकी उम्र 45 और 42 साल है. 38 साल बाद सियाचिन में चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर मिला है. इसकी सूचना सेना की ओर से उनके परिजनों को दी गई है. सियाचिन में अपनी जान गंवाने वाले शहीद लांस नायक चंद्रशेखर हरबोला का पार्थिव शरीर 38 साल बाद मंगलवार को उनके घर पहुंचेगा. वे 19 कुमाऊं रेजिमेंट से जुड़े थे. 29 मई 1984 को सियाचिन में ऑपरेशन मेघदूत के दौरान वे बर्फीले तूफान का शिकार हो गए थे. तब उनका शव नहीं मिल पाया था. तभी से उनकी तलाश की जा रही थी. बता दें कि शहीद चंद्रशेखर की पत्नी शांति देवी हल्द्वानी में धान मिल के पास सरस्वती विहार कॉलोनी में रहती हैं. 38 साल पहले जब उनके पति शहीद हुए थे तो उन्होंने बिना शव मिले ही रीति रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया था.

शव न मिलने की वजह से शांति देवी और उनकी बेटियां उनका अंतिम दर्शन भी नहीं कर सकी थीं. अब जब सेना की तरफ से सूचना दी गई है तो बेटियों को अपने पिता का चेहरा देखना नसीब हो सकेगा. 1984 में सियाचिन के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच लड़ाई हुई. भारतीय सेना ने 13 अप्रैल 1984 को सियाचिन ग्लेशियर में आपरेशन मेघदूत लॉन्च किया था. चंद्रशेखर उस टीम का हिस्सा थे, जिसे प्वाइंट 5965 पर कब्जा करने भेजा गया था. हिमस्खलन की चपेट में आने पर 19 सदस्यीय गश्ती दल लापता हो गया था. बाद में 14 के शव मिले, लेकिन 5 का पता नहीं चला. हाल ही में जब सियाचिन ग्लेशियर की बर्फ पिघलनी शुरू हुई, तो एक बार फिर खोए हुए सैनिकों की तलाश शुरू की गई. इसी कोशिश के दौरान 13 अगस्त को एक और सैनिक लान्स नायक चंद्रशेखर हरबोला का शव ग्लेशियर पर बने एक पुराने बंकर में मिला. हरबोला की पहचान में उनके डिस्क नंबर से हुई. यह वही नंबर है जो उन्हें सेना ने दिया था. हरबोला की डिस्क पर नंबर (4164584) लिखा हुआ था.

