ABC News: छात्र जीवन सबसे अनमोल होता है. यही वह समय होता है जब भविष्य की नींव तैयार होती है. छात्रों को उत्तरदायित्व का बोध होता है और उनमें देश, प्रदेश और समाज के प्रति प्रेम पनपता है. यह बातें पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र परिषद के बैज अलंकरण समारोह में संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कहीं.

उन्होंने कहा कि अच्छा नेतृत्वकर्ता वही होता है, जो सभी को साथ लेकर चलता है. इसी से जिम्मेदारियों का एहसास भी होता है. नव निर्वाचित छात्र परिषद को शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन जरूरी है. विद्यार्थियों को धैर्य, गंभीरता, समता की भावना के साथ निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि करनी चाहिए. इससे वह निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होंगे और देश व समाज के लिए अपनी बेहतर सेवाएं दे सकेंगे. यहां पर यति संकल्प संस्थान की सचिव और विद्यालय की प्रबंधक नीतू सिंह ने यतींद्रजीत सिंह छात्रवृत्ति योजना की शुरूआत की. इस दौरान 15 बच्चों को चेक प्रदान की गईं. लाभार्थियों में मेधावियों के साथ निर्धन और कोविड काल में अपने अभिभावक खो चुके छात्र भी शामिल हैं. इन्वेस्टीचर सेरेमनी में अंशुमान सिंह को हेड ब्वॉय और दिव्या सिंह को हेड गर्ल चुना गया. अर्श बाजपेयी को एसोसिएटेड हेड ब्वॉय, अंशिता सिंह एसोसिएटेड हेड गर्ल, रौनक चतुर्वेदी स्पोर्टस ब्वॉय कैप्टन, तेजस्विनी सिंह को हेड गर्ल कैप्टन, क्षितिज कुमार को हेड प्रीफेक्ट, अनन्या अवस्थी को लिटरेरी हेड, मृदुल त्रिवेदी और भव्या मिश्रा को सीसीए हेड ब्वॉय और गर्ल चुना गया. प्रधानाचार्य राकेश राम त्रिपाठी, दीपक राजे, भवानी भीख, रामतीर्थ मिश्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्टः सुनील तिवारी

