ABC NEWS: दूसरे और अंतिम चरण के निकाय चुनाव के लिए कानपुर में मतदान जारी है. दोपहर एक बजे तक 23.51 प्रतिशत मतदान हो चुका है. इस दौरान कई सेंटरों पर ईवीएम तो कहीं मतदाता सूची में नाम गयब होने को लेकर हंगामा हुआ. विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी, भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी और सपा विधायक अमिताभ बाजपेई समेत कई माननीयों ने अपने परिवार के साथ मतदान किया. सांसद पचौरी ने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर प्रशासन को घेरा. वहीं सपा विधायक के मतदान में गड़बड़ी के आरोप को विधानसभा अध्यक्ष और सांसद ने सिरे से नकार दिया.
सांसद सत्यदेव पचौरी बोले, वोटर लिस्ट बनाने में हुई लापरवाही
जयपुरिया स्कूल डबल पुलिया में वोट डालने पहुंचे कानपुर के भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा वोटर लिस्ट बनाने में गड़बड़ी हुई है. पुरानी मतदाता सूची थी वही डाल दी गई. तमाम नाम गायब कर दिए गए. कई इलाकों से मेरे पास शिकायत आई है. वोटर लिस्ट बनाने में प्रशासन ने गंभीरता नहीं बरती.
हालांकि उन्होंने मतदान में विपक्ष द्वारा गड़बड़ी के आरोपों को सिरे से नकार दिया, कहा किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई है. पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करा रहा है. यह पूछे जाने पर कि कानपुर नगर में आप किसके-किसके बीच टक्कर मान रहे हैं, जवाब में सांसद ने कहा कि यह गुप्त मतदान है. लोग अपनी इच्छा से वोट डाल रहे हैं। यह तो बाद में पता चलेगा कि कौन जीता और कौन हारा. इस बार परिवार संग वोट डालने नहीं आने का कारण पूछा गया तो उन्होंने कहा-परिवार बाहर है, दो बजे के बाद वोट डालने आएगा.
दोपहर 1 बजे तक
कुल मतदान 23.51 प्रतिशत
नगर निगम 23.04 प्रतिशत
नगर पालिका बिल्हौर 45.00 प्रतिशत
नगर पालिका घाटमपुर 35.00 प्रतिशत
नगर पंचायत बिठूर 44.95 प्रतिशत
नगर पंचायत शिवराजपुर 32.00 प्रतिशत
महाना बोले मतदाताओं का उत्साह रिकॉर्ड जीत का प्रमाण
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने राम गली स्थित कानपुर पब्लिक स्कूल में अपने मत का प्रयोग किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कानपुर सहित पूरे प्रदेश से मतदाताओं के उत्साह की सूचनाएं मिल रही. कानपुर में मतदाताओं के उत्साह को देखकर कहा जा सकता है कि अबकी चुनाव में महापौर की दो लाख से अधिक मतों से जीत पक्की है जो पिछले चुनाव की जीत का रिकॉर्ड तोड़ेगा.
विधायक अमिताभ बाजपेई बोले-पांचवां बटन कई जगह नहीं दबा
आर्य नगर से सपा विधायक एवं सपा प्रत्याशी वंदना बाजपेई के पति अमिताभ बाजपेई ने आरोप लगाया है कि कई मतदान केंद्रों पर पांचवे नंबर का बटन ही नहीं दब रहा. उनके मुताबिक कई जगह से उनके पास शिकायत आई है. उनके एक पारिवारिक मित्र ने भी बूथ पर उनसे शिकायत की. उन्होंने आशंका जताई कहीं ऐसा तो नहीं कि पांचवा बटन जानबूझकर खराब कर दिया गया हो. उन्होंने प्रशासनिक अफसरों से कहा कि इसे चेक कराया जाए. अमिताभ बाजपेई की पत्नी वंदना बाजपेई सपा से महापौर प्रत्याशी हैं जिनकी ईवीएम में क्रम बटन संख्या 5 है.

