ABC News: कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर और करन खेड़ा गांव के बीच मंगलवार दोपहर तेंदुए का आतंक देखने को मिला. यहां पर खेतों में काम कर रहे किसानों पर अचानक हमला कर तेंदुए ने एक के बाद एक नौ लोगों को घायल कर दिया. घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.
ग्रामीणों के अनुसार, जिस समय तेंदुए ने हमला किया. उस समय खेतों में गोभी और गेंदा के फूल की तुड़ाई हो रही थी. ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे अचानक गन्ने और सब्जी के खेतों के बीच से निकलकर तेंदुए ने हमला कर दिया. देखते ही देखते उसने नौ लोगों को घायल कर दिया.
घायलों में करन खेड़ा निवासी हरिराम निषाद, रामकेश निषाद, बुद्धि और मदारपुर निवासी मोहित विश्वकर्मा समेत नौ लोग शामिल हैं. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें एक युवक डंडे से तेंदुए पर वार करता दिख रहा है. इसी दौरान तेंदुआ लंबी छलांग लगाकर उस पर आक्रामक रूप से हमला कर देता है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मदारपुर निवासी मोहित शर्मा जब खेत में गोभी काट रहे थे, तभी तेंदुए ने उन पर हमला बोला.
तेदुए के हमले की जानकारी पाकर भारी संख्या में ग्रामीण खेतों में पहुंच गए, सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी पहुंची और सर्च आपरेशन चलाया.
बताया गया कि पुलिस और वन विभाग की टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और तेंदुए को पकड़ने के लिए जगह-जगह पिंजरे लगाने की तैयारी की जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ अभी भी खेतों के बीच में ही छिपा बैठा है, जिससे गांव में दहशत का माहौल है

