ABC News: कानपुर में महाराजपुर के मदारपुर-करन खेड़ा में तेंदुए के हमले के बाद बुधवार सुबह से वन विभाग और डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है. बताया जा रहा है कि ओस के कारण खेत गीले होने से पैरों के निशानों को ट्रेस करने में आसानी हो रही है. चिड़ियाघर से आई डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद है.

वन विभाग के डिप्टी रेंजर विजय कुमार और डॉक्टर नीतीश कटियार ने बताया कि जिस जगह तेंदुए ने किसानों पर हमला किया था. उससे करीब 400 मीटर दूर खेतों में ताजे पैरों के निशान मिले हैं. निशानों का मिलान करते हुए तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जा रही है. रेस्क्यू टीम में विजय कुमार ट्रैंक्विलाइजर गन लेकर मूवमेंट कर रहे हैं. डीएफओ आकांक्षा जैन ने बताया कि तेंदुआ एक फुर्तीला जानवर है, जो एक जगह नहीं रुकता और शोर सुनकर आक्रोशित हो जाता है.

इसलिए एहतियातन बाहर से आए लोगों को हटाया जा रहा है. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि वन विभाग की टीम लगातार कॉम्बिंग करे, पैरों के निशानों का मिलान करते हुए तेंदुए को खोजा जाए और पिंजड़ा तैयार रखा जाए. इसके अलावा, सभी ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है. वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 24 घंटे से ज्यादा समय से वह दहशत के साए में हैं.

आसपास के एक दर्जन गांवों की 30 हजार की आबादी खौफ में जी रही है. रात भर कई ग्रामीणों ने जागकर पहरा भी दिया. बताया गया कि तेंदुए के हमले में जो शख्स सबसे ज्यादा गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसके 76 टांके लगे हैं.

