ABC News: विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक बैठकों के क्रम को शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में कानपुर की दस विधानसभाओं में बैठक कर पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के मन की बात जानने के साथ उनकी नाराजगी को मिटाने की कोशिशों में जुट गए हैं. इसी को लेकर कानपुर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की बैठक की.
इस बैठक में कानपुर के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी शामिल रहे. इससे पहले, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने बिल्हौर, बिठूर और घाटमपुर विधानसभा की बैठक भी की और कार्यकर्ताओं की बात को जाना. इस दौरान बूथ को मजबूत करने के अलावा पार्टी कहां पर कमजोर है, इसके बारे में जाना गया. खासतौर पर कार्यकर्ताओं को नाराजगी भूलकर विधानसभा चुनाव की तैयारियेां में जुटने को कहा. कार्यकर्ताओं की नाराजगी को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया गया. भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि कानपुर में सभी दस विधानसभाओं में बैठक होनी है. कार्यकर्ताओं की जो भी नाराजगी है, उन्हें दूर किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सभी एकजुट है और विधानसभा चुनावों में पूरी ताकत से जुटा जाएगा. उन्होंने कहा कि इन बैठकों से जो फीडबैक मिलेगा, उसे वरिष्ठ नेताओं को बताया जाएगा. महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस एकजुट होने की बात करते थे, लेकिन अब उनमें ही भ्रम की स्थिति है. वे खुद नहीं समझ पा रहे हैं कि गठबंधन कैसा हो, सीटों का बंटवारा कैसे हो और चुनाव कैसे लड़ा जाए.

