ABC News: कानपुर में मेफेड्रोन मिलने का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है. अब फजलगंज पुलिस ने सर्विलांस टीम के साथ मिलकर अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से पुलिस ने छह करोड़ रूपए की मेफेड्रोन बरामद की है.
दिनांक 24.11.2026 को थाना फजलगंज पुलिस एवं सर्विलांस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए (मेफेड्रोन) ड्रग बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹06 करोड़ है। पुलिस टीम द्वारा पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में कार्रवाई जारी है। बाइट- अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, श्री विपिन ताड़ा । @Uppolice @Dcpcentralknr
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) November 24, 2026
अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान शाहजहांपुर निवासी हाजिद अली उर्फ साहिल और फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी व रिषभ कुमार को गिरफ्तार किया है. तीनों अभियुक्तों के कब्जे से कुल 600 ग्राम MD बरामद हुआ है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के तार उरई ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़े हैं. आरोपी पिछले महीने जालौन में DRI और ATS द्वारा पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री के सिंडिकेट से जुड़े हैं., इस गिरोह का सरगना धारावी (मुंबई) निवासी खयामुद्दीन उर्फ खय्याम सय्यैद है, जिसके तार विदेशों में बैठे बड़े ड्रग्स तस्करों से जुड़े होने के पुख्ता सबूत मिले हैं. गिरोह के सदस्य टेलीग्राम और सिग्नल ऐप के जरिए संपर्क कर कानपुर, लखनऊ, मुंबई, आगरा, उन्नाव, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद जैसे शहरों में ड्रग्स की सप्लाई करते थे. पुलिस अब सिंडिकेट के मुख्य सरगना खयामुद्दीन उर्फ खय्याम समेत फरार चल रहे अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है.

