मेरठ (उत्तर प्रदेश): यूपी के मेरठ जनपद में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने एक बार फिर रिश्तों की मर्यादा और विश्वास को झकझोर कर रख दिया है। बहसूमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अकबरपुर सादात गांव में बीते रविवार को एक युवक अमित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर चारपाई पर सांप मिलने के चलते यह माना गया कि युवक की मौत सर्पदंश से हुई है। लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो जो सच उजागर हुआ, उसने सभी को हैरत में डाल दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अमित की मौत सर्पदंश से नहीं, बल्कि गला घोंटकर की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इस निर्मम हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उसकी पत्नी रविता और उसका प्रेमी अमरदीप थे। दोनों ने मिलकर पहले अमित की हत्या की और फिर लोगों को भ्रमित करने के लिए एक जहरीले सांप को अमित के शव के नीचे छोड़ दिया, जिससे यह प्रतीत हो कि मौत सांप के काटने से हुई है।
#Meerut में सांप को झूठा बदनाम करने वाली पत्नी खुद ही नहीं निकली हत्यारिन,
— Lokesh Rai (@lokeshRlive) April 17, 2025
उसने अपने प्रेमी संग मिलकर पति अमित की गला दबाकर हत्या की उसे हादसे का रूप देने के लिए सपेरे से वाइपर स्नेक खरीदा और उसे पति के लाश के नीचे दबा दिया, सांप ने डेड बॉडी को 10 बार डंसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम… pic.twitter.com/0tmQ5yFX0D
रिश्तों की मर्यादा को किया तार-तार
जांच में खुलासा हुआ है कि अमित को पहले से शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ अवैध संबंध है। इस बात को लेकर पति-पत्नी में कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। अमित की हत्या से तीन दिन पहले भी दोनों के बीच बड़ा झगड़ा हुआ था। इस झगड़े के बाद ही रविता और अमरदीप ने अमित को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
यह #मेरठ की रविता है जिसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति अमित की हत्या कर दी
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 17, 2025
रविता का लव अफेयर करीब एक साल से अपने ही गांव के अमरदीप से था. 8 दिन पहले रविता और अमरदीप को आपत्तिजनक स्थिति में रविता के पति अमित ने देख लिया
झगड़ा शुरू हुए और रविता और अमरदीप में अमित के कत्ल की… pic.twitter.com/97NC4mM5ed
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
पुलिस हिरासत में रविता के प्रेमी अमरदीप ने बताया कि उन्होंने महमूदपुर सिखेड़ा गांव के एक सपेरे से एक जहरीला वाइपर सांप एक हजार रुपए में खरीदा था। रविवार की रात जब घर के सभी लोग सो गए, तब रविता ने अमरदीप को फोन करके बुलाया। दोनों ने मिलकर सोते हुए अमित का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सांप को अमित की चारपाई पर छोड़ दिया गया, जिससे यह प्रतीत हो कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है।
हत्या को हादसा साबित करने की नाकाम कोशिश
हत्या को छिपाने और लोगों को भ्रमित करने के लिए आरोपी इतने शातिर निकले कि उन्होंने सोचा, अगर शव के पास सांप मिल जाए, तो लोग समझेंगे कि यह एक दुर्घटना है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन पूछताछ ने उनकी योजना को विफल कर दिया। पुलिस ने अमरदीप और रविता को गिरफ्तार कर लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।
सौरभ हत्याकांड से मिलती-जुलती वारदात
यह मामला मेरठ में कुछ महीने पहले हुए सौरभ हत्याकांड से मिलता-जुलता है, जहां पत्नी मुस्कान ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सौरभ की हत्या की थी। हत्या के बाद शव को नीले ड्रम में भरकर उस पर सीमेंट डाल दिया गया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। अब अमित हत्याकांड ने फिर से वैसी ही एक वीभत्स कहानी को सामने लाकर खड़ा कर दिया है।
गांव में पसरा सन्नाटा, लोग स्तब्ध
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद अकबरपुर सादात गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि जिस परिवार को वे एक सामान्य परिवार समझते थे, वहां ऐसी साजिश रची जा सकती है। लोगों को इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा कि एक पत्नी अपने पति की हत्या करवाने तक जा सकती है।
पुलिस की सक्रियता से हुआ खुलासा
मेरठ पुलिस की सक्रियता और सतर्कता की वजह से यह मामला सुलझा और सच्चाई सामने आई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त सांप की भी तलाश की जा रही है और सपेरे से भी पूछताछ की जाएगी।
न्याय की उम्मीद में परिजन
अमित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि घर की बहू इस हद तक जा सकती है। वे न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपियों को कड़ी सजा दिलवाने की गुहार लगा रहे हैं।

