UP के बहराइच जिले में हुई हिंसा के 2 आरोपियों का एनकाउंटर हो गया है. आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे. घटना वाले दिन से पुलिस इनके पीछे लगी हुई थी. आज पुलिस को इनकी लोकेशन हाथ लगी, जिसके बाद इनको ट्रैक किया गया. जिन आरोपियों का एनकाउंटर हुआ उनके नाम सरफराज उर्फ रिंकू और फहीम हैं. ये दोनों मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के बेटे हैं.
एनकाउंटर को लेकर पुलिस मुख्यालय में बड़ी बैठक चल रही है. इस बैठक में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद हैं. मामले में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने बताया कि अभी कैजुअल्टी की जानकारी नहीं है, लेकिन पुलिस द्वारा पांच आरोपी पकड़े गए हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुल 5 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. इनमें एनकाउंटर में दो को गोली लगी है. मामला नेपाल सीमा के पास हांडा बसेहरी नहर के पास का है.
वहीं, घायल आरोपियों का इलाज करने वाले समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा के डॉक्टर ने कहा कि दोनों के पैर में गोली लगी है. एक के दाएं और एक बाएं पैर में. बुलेट एग्जिट पॉइंट नहीं मिला है. गोली अंदर फंसी हुई है. ऐसे में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
अस्पताल के बाहर पुलिस फोर्स तैनात

एनकाउंटर में गिरफ्तार सरफराज और तालिब का जहांपूरी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. अस्पताल का पूरा परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया है. साथ ही हरदी थाना क्षेत्र के मृतक राम गोपाल मिश्रा के गांव में भर्ती बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. चारों तरफ बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया है. जिला अस्पताल में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुला ली गई है. बताया जा रहा है कि उनके पैर में गोली लगने से हालत गंभीर है. जिला अस्पताल में एसपी शहर रामानंद कुशवाहा व सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर भी मौके पर मौजूद हैं. उधर मुख्य आरोपी की बहन ने खुलासा किया है कि उसके घर से एसटीएफ कल ही दोनों को पकड़ कर ले गई थी, उनके एनकाउंटर करने की प्रयास किया जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बहन ने बचाने की मांग की है.
इस बीच अब्दुल हमीद की बेटी रुखसार का बयान सामने आया है. रुखसार ने कहा कि कल शाम 4 बजे मेरे पिता अब्दुल हमीद, मेरे दो भाइयों सरफराज और फहीम और एक अन्य युवक को यूपी एसटीएफ ले गई थी. मेरे पति और मेरे बहनोई को भी उठाया गया है. हमें उनके बारे में किसी भी पुलिस स्टेशन से कोई जानकारी नहीं मिली है. हमें डर है कि वे मुठभेड़ में मारे जा सकते हैं.
बताया जा रहा है कि ये आरोपी बहराच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा की हत्या में शामिल थे. इन्होंने ही साथियों संग मिलकर रामगोपाल पर गोली चलाई थी. घटना के वक्त के कुछ वीडियोज सामने आए हैं, जिनमें अब्दुल हमीद की छत पर चार से पांच लोग नजर आ रहे हैं. जहां कुछ देर बाद रामगोपाल को गोली मारी गई.

बहराइच में ऐसे भड़की थी हिंसा
आपको बता दें कि बहराइच के थाना हरदी क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव निवासी रामगोपाल मिश्रा बीते रविवार की शाम करीब 6 बजे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले जुलूस में शामिल था. ये जुलूस जब महराजगंज बाजार में समुदाय विशेष के मोहल्ले से गुजर रहा था तो दो पक्षों में कहासुनी हो गई. आरोप है कि इस दौरान छतों से पत्थर फेंके जाने लगे, जिससे विसर्जन में भगदड़ मच गई.
इस बीच रामगोपाल को एक घर की छत पर गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई. रामगोपाल की मौत की खबर के बाद महराजगंज कस्बे में बवाल शुरू हो गया. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के घर समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी. हिंसा के दौर अगले दिन भी जारी रहा. जिसके चलते जिले में भारी पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी. खुद सीएम योगी ने मामले का संज्ञान लिया. फिलहाल, हालात सामान्य हैं.

