योगी हैं तो यकीन है. ये नारा लगा है लखनऊ में और लगाया है कुकरैल नदी के पास बसी कॉलोनियों में रह रहे लोगों ने जो मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने गए थे. कुकरैल नदी की जमीन पर अवैध रूप से बसे अकबर नगर के मटियामेट होने के बाद पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर, अबरार नगर, खुर्रम नगर जैसे इलाकों में बसे लोग बुलडोजर एक्शन के लिए घरों पर लाल निशान लगाने के बाद से खौफ में थे. योगी ने इन कॉलोनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात में कहा कि निश्चिंत रहें और खुश होकर घर जाएं. इसके बाद कॉलोनी में पटाखे जलाए गए, मिठाइयां बांटी गई और योगी के समर्थन में नारेबाजी हुई है. सीएम योगी ने कॉलोनियों में लाल निशान लगाने वालों की जवाबदेही तय करने का आदेश भी दिया है.
अकबर नगर के लोग ध्वस्तीकरण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गए थे लेकिन राहत नहीं मिली. जून में यहां सारे अवैध मकान गिरा दिए गए थे. मलबों के ढेर में अकबर नगर बदला तो कुकरैल किनारे बसे दूसरी कॉलोनी के लोग भी दहशत में आ गए. गाढ़ी कमाई से बने घर के टूटने की आशंका से डरे लोगों की नींद तब हराम हो गई जब लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने पंतनगर, इंद्रप्रस्थ नगर, खुर्रम नगर, अबरार नगर और रहीम नगर में भी सर्वे कर मकानों को तोड़ने के लिए लाल निशान लगाना शुरू कर दिया. जवाब में लोगों ने एलडीए के नोटिस के बगल में रजिस्ट्री की कॉपी चिपकाकर विरोध जताया और पूछा कि अगर ये घर अवैध हैं तो फिर वैध क्या है.
कुकरैल किनारे बसे इन इलाकों में बुलडोजर नहीं चलेगा, ये खबर कल शाम से ही चल रही थी. सरकार के फैसले को किस रूप में सामने रखा जाए, ये तय करने में मंगलवार तक का वक्त लग गया. सीएम ऑफिस से जारी बयान में सरकार ने इस मसले को कॉलोनियों में फैले भ्रम की तरह लिया है और लाल निशान लगाने वालों को निशाने पर लिया है. योगी ने लोगों से कहा कि पंतनगर हो या इंद्रप्रस्थ नगर, लोगों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण जीवन के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने लोगों से कहा कि एनजीटी के आदेश के अनुपालन के दौरान नदी के फ्लड प्लेन जोन को चिह्नित किया गया है.
योगी ने लोगों को बताया कि फ्लड प्लेन जोन में जो निजी भूमि है उसे खाली कराने की न तो वर्तमान में कोई आवश्यकता है और न ही कोई प्रस्ताव है. ध्वस्तीकरण का कोई प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन नहीं है. उन्होंने फ्लड प्लेन जोन चिह्नित करने के दौरान लाल निशान लगाने से फैले भ्रम को औचित्यहीन करार दिया और इसके लिए जवाबदेही तय करने का आदेश दिया है. सीएम ने इन इलाकों में साफ-सफाई और विकास के काम करने का निर्देश दिया है. योगी ने अधिकारियों को कॉलोनियों में जाकर लोगों से मिलकर उनके भय और भ्रम दूर करने कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर रिवर बेड तैयार करने में निजी जमीन पर बना किसी का मकान आता है तो उसे समुचित मुआवजा देकर ही अधिग्रृहित किया जाएगा.
बता दें कि कुकरैल नदी को प्रदूषण मुक्त और पुर्नजीवित करने के लिए एनजीटी के आदेशों के अनुपालन में सिंचाई विभाग द्वारा पिछले दिनों नदी के फ्लड प्लेन जोन को चिह्नित किया गया है. कुकरैल नदी के दो प्लेन चिह्नित किए गए हैं. पहला नदी तल और दूसरा फ्लड प्लेन जोन. रिवर बेड लगभग 35 मीटर चौड़ाई में तथा फ्लड प्लेन जोन नदी किनारे से 50 मीटर तक चिह्नित किया गया है.

