ABC NEWS: यूपी के बदायूं में दो बच्चों की हत्या करने वाले साजिद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. साजिद के हाथों से जिंदा बचे बच्चे ने बताया कि वारदात के समय दो आरोपी साजिद और जावेद मौजूद थे. उसने बताया कि साजिद ने पहले बड़े भाई से चाय मंगवाई थी और फिर छोटे वाले से पानी मंगवाया था. हालांकि इससे पहले बरेली जोन के आईजी ने बताया था कि इस घटना में एक ही आरोपी है.

बच्चे ने बताया कि जब मैं ऊपर गया तो साजिद ने मेरा मुंह पकड़ लिया और तभी उन्होंने चाकू मार दिया, जिसमें मुझे चोट लग गई. फिर मैं धक्का देकर नीचे भागा और मम्मी के साथ बाहर आकर किवाड़ लगा दिए.
घटना के चश्मदीद मृतकों के भाई ने बताया कि वारदात के समय साजिद और जावेद दोनों मौजूद थे. साजिद ने मेरे बड़े भाई से चाय मंगवाई थी और छोटे भाई से पानी मंगवाया था. जब बड़ा भाई चाय लेकर आया तो उसको मार दिया और फिर छोटा आया तो उसे भी मार दिया. मेरा छोटा वाला भाई चीखा था तब मैं ऊपर गया था.
बच्चे ने बताया कि जब मैं छत पर गया था तो वो दोनों भाइयों को मार चुका था और गेट बंद कर रहा था. उसने मुझे देखा तो मुझे भी मारने की कोशिश की. मैं तभी उसे धक्का देकर भाग गया था.
बच्चों की मां से मांगे थे पांच हजार रुपये
यह घटना बदायूं के सिविल लाइंस थाना इलाके की बाबा कॉलोनी की है, जहां मंगलवार देर शाम साजिद नाम का शख्स अपनी दुकान के सामने वाले विनोद सिंह के घर आया था. इस दौरान उसने विनोद की पत्नी से पांच हजार रुपयों की मांग की. उन्होंने बताया कि साजिद ने उनसे पत्नी की डिलीवरी के लिए पांच हजार रुपये की मांग की थी, जिसे हमने दे भी दिए थे. उसके बाद उसने कहा कि उसकी तबीयत थोड़ी सही नहीं लग रही है और ऐसा कहते हुए वो घर में ऊपर चला गया. छत पर दोनों बच्चे आयुष और युवराज थे.
बरेली जोन के आईजी ने क्या जानकारी दी?
बरेली जोन के आईजी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दो बच्चों की जो नृशंस हत्या हुई है उसमें खून से लथपथ आरोपी साजिद उर्फ जावेद पुत्र बाबू मौके से भाग गया. हमारी टीम को जब पता चला और उसका पीछा किया तो वह शेखूपुर के जंगल में दिखाई दिया. वहां हमारी एसओजी और थाना पुलिस पीछा करती हुई पहुंची तो उसने पुलिस पर फायर किया जवाबी फायर में वह घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई है.

इस घटना का इकलौता आरोपी: आईजी
आईजी के मुताबिक, साजिद इस घटना का इकलौता आरोपी था. खून से लथपथ भाग रहा था तो लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति खून से लथपथ भाग रहा है तो उसका पीछा किया गया. उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है. यह लेनदेन का मामला है अथवा कोई और रंजिश है इसकी गहनता से जांच की जा रही है.
एनकाउंटर में थाना प्रभारी को भी लगी गोली
अधिकारी के मुताबिक, आरोपी घर गया और पहले बच्चों की दादी से मिला और उसके बाद उसने दूसरी मंजिल पर जाकर तीनों बच्चों पर हमला कर दिया, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. वह खतरे से बाहर है. एनकाउंटर में सिविल लाइन थाना प्रभारी गौरव बिश्नोई के पैर में भी गोली लगी है. उनका इलाज भी जिला अस्पताल में चल रहा है.

