ABC NEWS: हिंदू पंचांग के अनुसार साल का आखिरी महीना फाल्गुन होता है जो कि 25 फरवरी से शुरू हो गया है. यह महीना 25 मार्च तक रहेगा. इस महीने में महाशिवरात्रि, विजया एकादशी, फुलेरा दूज से लेकर होली तक कई प्रमुख त्योहार मनाए जाते हैं. इसके अलावा फाल्गुन महीने में भगवान श्री कृष्ण की पूजा करने से विशेष फल प्राप्त होते हैं. माघ महीने में स्नान-दान का महत्व होता है तो वहीं, फाल्गुन मास पूजा-पाठ करना बहुत लाभदायी बताया गया है. इस महीने श्रीकृष्ण, भगवान विष्णु और भोलेनाथ की पूजा करने की परंपरा है. इस दौरान भगवान कृष्ण का कई तरह से श्रृंगार भी किया जाता है.
श्रीकृष्ण के इन तीन स्वरूपों की करें पूजा
धार्मिक दृष्टि से फाल्गुन माह का बहुत महत्व माना जाता है. जहां एक ओर इस माह में भगवान शिव की पूजा का विशेष स्थान है, वहीं इस माह में श्री कृष्ण के तीन रूपों की पूजा करना भी बहुत शुभ माना जाता है. आइए जानते हैं कि श्री कृष्ण के कौन से तीन रूपों की पूजा फाल्गुन माह में करनी चाहिए और इसका क्या लाभ मिलता है.
बाल स्वरूप की पूजा
फाल्गुन महीने में श्री कृष्ण के बाल स्वरूप यानी कि लड्डू गोपाल की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है. इस महीने में लड्डू गोपाल की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और सकारात्मकता का संचार होता है. लड्डू गोपाल की पूजा करने से घर में पारिवारिक शांति बनी रहती है और नकारात्मकता भी दूर होती है.
युवा स्वरूप की पूजा
फाल्गुन मास में भगवान श्री कृष्ण के युवा स्वरूप की पूजा भी अवश्य जरूर करनी चाहिए. युवा स्वरूप की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में मधुरता आती है और साथ ही वैवाहिक जीवन के कष्ट दूर होते हैं. इसके अलावा, श्रीकृष्ण युवा रूप में गाय चराने वाले गोविंद की पूजा करने से प्रेम संबंध में मनचाहा साथी मिलता है और प्रेम संबंध में सफलता मिलती है.
गुरु स्वरूप की पूजा
फाल्गुन माह में श्री कृष्ण के गुरु रूप की पूजा का भी विधि-विधान है. योगीराज कृष्ण यानी अर्जुन को गीता का ज्ञान देने वाले भगवान श्रीकृष्ण के पूर्ण रूप की अवश्य पूजा करनी चाहिए. श्री कृष्ण को गुरु मानकर उनकी पूजा करने से ज्ञान, बुद्धि, विवेक और ऐश्वर्य आदि की प्राप्ति होती है. साथ ही व्यक्ति को समान में मान-सम्मान मिलता है और मानसिक सुदृढ़ता बढ़ती है. श्री कृष्ण के गुरु रूप की पूजा से अज्ञान का अंधकार दूर होता है.

