ABC NEWS: दिसंबर के आखिरी सप्ताह में बढ़ी सर्दी ने नए साल में प्रचंड रूप धारण कर लिया है. कश्मीर में ज्यादातर जगहों पर तापमान करीब माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और झीलें जम गई हैं. सप्लाई वाले पाइपों में भी पानी जम गया है और लोग ठंड के साथ ही पानी की किल्लत का भी सामना कर रहे हैं. वहीं हिमाचल, उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे मैदानी राज्यों में भी भीषण ठंड हो रही है. कई दिनों से सुबह कोहरा और फिर दिन भर बदली छाई हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी ऐसा ही रहने वाला है. कुछ देर के लिए हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ज्यादातर समय बादल छाए रहने की वजह से ठंड ज्यादा रहेगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके अलावा अधिकतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस तक ही रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने बढ़ी हुई सर्दी के चलते दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि इसे सर्द दिन के तौर पर नहीं माना जाएगा. मौसम विभाग के मानकों के मुताबिक यदि तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाता है, तभी उसे ‘कोल्ड डे’ करार दिया जाता है.

बुधवार को रहा दिल्ली-एनसीआर में सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में बुधवार को भी अच्छी खासी ठंड थी और सीजन का सबसे सर्द दिन करार दिया गया था. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस था, जबकि लोदी रोड पर 14.6 और गाजियाबाद एवं नोएडा में तो यह 12 से भी नीचे चला गया. इन सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा है. अब अहम सवाल है कि क्या अगले कुछ दिनों में इस से राहत मिलेगी? इसका जवाब मौसम विभाग के मुताबिक यह है कि 10 जनवरी तक कुछ राहत हो सकती है.

कब से मिलने लगेगी राहत, कितना रहेगा तापमान; जानें अनुमान
एक्यू वेदर के अनुमान के अनुसार शुक्रवार को हल्की धूप निकल सकती है और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस होने से कुछ राहत होगी. वहीं शनिवार से लेकर सोमवार तक भी डेली थोड़ी बहुत धूप निकलेगी, लेकिन ज्यादातर समय बादल छाए रहने की वजह से ज्यादा ठंड महसूस होगी. अनुमान के मुताबिक मंगलवार 9 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है और इससे मौसम साफ होगा। वहीं 10 जनवरी को अच्छी धूप निकलने से तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. यही नहीं 11 जनवरी को तो यह 25 डिग्री तक जा सकता है. इस तरह अगले कुछ दिन भले ही भीषण ठंड के होंगे, लेकिन मकर संक्रांति तक कुछ राहत का दौर आ जाएगा.

