ABC NEWS: UP के बाराबंकी में एक युवक और युवती ने अलग-अलग वाहनों के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. पुलिस को दोनों के शव क्षत–विक्षत हालत में मिले. बताया जा रहा है कि युवती रात 12 बजे के करीब कार के सामने कूदी थी जबकि युवक इसके 10 मिनट बाद ट्रक के आगे कूद गया.
बता दें कि पूरा मामला हैदरगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का है. जहां गुरुवार तड़के एक युवक और युवती का शव पाया गया था. रात 11:57 पर पहले एक युवती कार के आगे कूदी और फिर 10 मिनट बाद 12:08 पर युवक ट्रक के सामने कूद गया. शव के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है.
पूर्वांचल एक्सप्रेस–वे पर युवक व युवती की मौत की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में दिखाया गया है कि कैसे पहले युवती ने कार के आगे छलांग लगाई फिर 10 मिनट बाद युवक ने ट्रक के आगे कूद कर मौत को गले लगा लिया. दोनों का क्षत-विक्षत शव सड़क पर सुबह पाया गया.
मामले में एएसपी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस–वे पर गुरुवार सुबह एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने हैदरगढ़ निवासी युवक और युवती का शव कब्जे में लिया. शवों को कब्जे में लेने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई.
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम युवक और युवती के शव को उनके घरवालों को सौंप दिया गया. मृतक युवक का नाम सुरेश है. वह 20 साल का था. बताया गया कि वह रेसिंग बाइक ना दिलाए जाने से घरवालों से नाराज था.
वहीं, युवती की पहचान मोहिनी के रूप में हुई है. मोहिनी का सुसाइड नोट भी पुलिस को मिला है. जिसमें लिखा है- “पापा मैं मम्मी के जाने के बाद घर छोड़कर जा रही हूं. ये मत समझना कि किसी के साथ जा रही हूं. बस मम्मी के गुजरने के बाद जीने की इच्छा नहीं है.”

