ABC NEWS: UP के महराजगंज जिले की तहसील में जमकर हंगामा हुआ. यहां दो पक्ष आपस में भिड़ गए. उनके बीच जमकर लात-घूंसे और चप्पल चले. इस बवाल में महिला और पुरुष दोनों शामिल थे. सब एक दूसरे पर हमला कर रहे थे. बीच-बचाव करने आए वकील भी उनका शिकार हो गए. इस घटना का वीडियो सामने आया है. फिलहाल, वकीलों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि पूरा मामला नौतनवा (Nautanwa) तहसील का है. जहां बीते दिन न्यायालय में जमीनी विवाद की सुनवाई के लिए आए दो पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते उनके बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई. फिर क्या महिला और क्या बुजुर्ग दोनों पक्ष एक दूसरे को पीटने लगे. कोई चप्पल चला रहा था तो कोई लात-घूंसे.
इस दौरान बीच-बचाव करने आए वकीलों को भी उपद्रवियों ने अपना निशाना बना लिया. जिसके बाद मामले की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद एफआईआर दर्ज की. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दो पक्ष आपस में जमकर मारपीट कर रहे हैं. एक युवक ने तो इस दौरान ईंट से हमला करने की भी कोशिश की.
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों में जमीनी विवाद था. इसी विवाद के चलते वो तहसीलदार के न्यायालय में आए थे. लेकिन सुनवाई के पहले ही न्यायालय में उनके बीच झगड़ा हो गया. जिसपर तहसीलदार ने दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया. मगर बाहर पहुंचते ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट करने लगे.
मामले में डिप्टी एसपी आभा सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि तहसीलदार न्यायालय के बाहर दो पक्षकार आपस मे झगड़ रहे हैं. बीच-बचाव करने गए वकीलों संग भी मारपीट हुई है. वकीलों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल, जांच जारी है.

