ABC NEWS: संसद परिसर की सुरक्षा में चूक होने और लोकसभा की कार्यवाही में दो लोगों के कूदने से हड़कंप मच गया है. संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी के दिन यह घटना हुई है. इस पर सरकार से लेकर सुरक्षा बल और तमाम राजनीतिक दल तक चिंतित हैं. अब इस मामले पर बात करने के लिए सर्वदलीय बैठक आज शाम 4 बजे ही बुलाई गई है. माना जा रहा है कि इस मीटिंग में सरकार पूरी घटना की जानकारी देगी और उस पर अब तक क्या ऐक्शन लिया गया है, यह भी बताएगी. इस दौरान लोकसभा और उसके बाहर हंगामा काटने वाले 4 लोगों के बारे में भी जानकारी दी जा सकती है.

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक लोकसभा में कूदने वाले दो लोगों के नाम सागर शर्मा और मनोरंजन हैं. इसके अलावा बाहर हंगामा करके स्मोक गन चलाने वालों के नाम नीलम और अमोल शिंदे हैं. नीलम हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली है. इसके अलावा अमोल शिंदे महाराष्ट्र के लातूर जिले का है। कहा जा रहा है कि ये दोनों लोग सांसद प्रताप सिम्हा के लेटर पर जारी पास लेकर दर्शक दीर्घा में आए थे. फिर बुधवार को जब लोकसभा में शून्यकाल चल रहा था तो ये लोग कार्यवाही के बीच कूद गए। फिर इन लोगों ने स्मोक गन निकालकर धुआं-धुआं कर दिया.

लोकसभा में घुसपैठ का मामला राज्यसभा में भी उठा है. कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने यह मसला उठाया. उन्होंने कहा कि हम आपसे अपील करते हैं कि सदन को स्थगित किया जाए और होम मिनिस्टर यहां आकर पूरे मामले की जानकारी दें. इस पर राज्यसभा के नेता पीयूष गोयल ने ऐतराज जताया. उन्होंने कहा कि राज्यसभा की कार्य़वाही चलती रहनी चाहिए. यह उच्च सदन है और यहां से मेसेज जाना चाहिए कि हम मजबूत देश हैं. उन्होंने कहा कि इस मसले पर राजनीति करना देश की जनता के लिए एक अच्छा संदेश नहीं है.

