ABC News: कानपुर में यातायात माह समाप्त होने से पहले ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सजगता दिखाई. टाटमिल चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने एक बाइक सवार युवक को तमंचे और कारतूस के साथ पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि टाटमिल चौराहे पर यातायातकर्मी शंकर शरण तिवारी और होमगार्ड राजेश तिवारी ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान घंटाघर की तरफ से एक बाइक सिग्नल जंपकर नयापुल बाबूपुरवा की ओर बढ़ी.

ट्रैफिक नियम तोड़ रहे बाइक चालक को कर्मियों ने रोक लिया. हड़बड़ाहट में बाइक सवार की कमर में लगा तमंचा व कारतूस जमीन पर गिर गया. दोनों ने तुरंत ही उसे दबोच लिया और रेलबाजार पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया. इस बीच पुलिस ने जब युवक के बारे में पड़ताल कराई, तो उसका नाम तौहीद अली निकला. मुंशीपुरवा निवासी तौहीद अली पर बाबूपुरवा थाने में एक और मुकदमा दर्ज है. बताया जा रहा है कि तौहीद अली का जब आपराधिक इतिहास खंगाला गया तो पाया गया किमें वह एक नाबालिग युवक को जलाकर ट्रेन के आगे फेंकने के मामले जेल जा चुका है.

