ABC News: सांसद सत्यदेव पचौरी के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट आनंदेश्वर कॉरीडोर को लेकर भी हीलाहवाली जारी है. बुधवार को जब सांसद सत्यदेव पचौरी ने कॉरीडोर का निरीक्षण किया तो यहां पर बनाई गई सीसी रोड की गुणवत्ता काफी खराब पायी, यही नहीं, थार्मोप्लास्ट एवं ज्वाइंट भी कई स्थानों पर उखड़े हुए मिले, तो सांसद ने नगर निगम अफसरों पर खूब नाराजगी जताई.

सांसद ने सड़क को उखाड़कर फिर से बनाने को कहा. मौके पर नगर आयुक्त शिवशरण अप्पा जीएन पहुंचे तो सांसद ने सड़क की हालत को लेकर उनसे शिकायत की. सांसद में नगर आयुक्त को निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरतने देने के निर्देश दिए. इसके बाद नगर आयुक्त ने ठेकेदार फर्म श्री श्रीराम इंफ्रास्ट्रक्चर पर दो लाख का जुर्माना लगा दिया. नगर आयुक्त ने ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि 20 दिनों के अंदर सभी कार्य को मानकों के अनुसार कर स्मार्ट सिटी के हैंड ओवर किया जाए. ऐसा न होने पर फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की भी चेतावनी दी.

इसके अलावा कॉरीडोर के प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर के गेट तक दीवार पर पत्थर लगाए जाने का काम भी धीमा पाया गया. इस मामले मेें भी ठेकेदार फर्म सीताराम इंटरप्राइजेज को 20 दिनों में काम खत्म करने के निर्देश दिए गए. लापरवाही पर फर्म को काली सूची में डालने की चेतावनी भी दी गई. सांसद सत्यदेव पचौरी ने बताया कि एक दिसंबर को कमिश्नर की अध्यक्षता में आनंदेश्वर कॉरीडोर को लेकर बैठक होनी है, इससे पहले निरीक्षण कर उन्होंने पूरी हकीकत को जाना है, बैठक में कमिश्नर के सामने सारे मामलों को वह रखेंगे.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

