ABC NEWS: आज 12 नवंबर रविवार को पूरे देश में शुभ दिवाली मनाई जा रही है. इस साल की दिवाली सौभाग्य योग और स्वाति नक्षत्र में है. इस सुंदर संयोग में दिवाली की लक्ष्मी पूजा होगी, जो आपके लिए शुभ और उन्नतिदायक होगी. आज पूजा का मुहूर्त शाम के समय में है. कार्तिक अमावस्या को प्रदोष काल में दिवाली की पूजा करना शुभ होता है. इसके अलावा निशिता काल में भी लक्ष्मी पूजा की जा सकती है. दिवाली पर लक्ष्मी मंत्रों का जाप करने से धन-संपत्ति में वृद्धि होती है. केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र से जानते हैं दिवाली के शुभ मुहूर्त, लक्ष्मी पूजा विधि, पूजन सामग्री, मंत्र, भोग, आरती आदि के बारे में.
दीपावली पूजन का शुभ मुहूर्त
दिवाली पर लक्ष्मी पूजा के दो शुभ मुहूर्त है. पहला शुभ मुहूर्त प्रदोष काल में है. प्रदोष काल 12 नवंबर को शाम 05.28 बजे से रात 08:07 बजे तक रहेगा, जिसमें वृषभ काल (स्थिर लग्न) 05.39 बजे से 07.33 बजे तक रहेगा. इस अवधि में पूजा करना उत्तम होगा. यानी लक्ष्मी पूजन के लिए आपको 1 घंटा 54 मिनट का समय मिलेगा. लक्ष्मी पूजा का दूसरा शुभ मुहूर्त निशीथ काल में मिलेगा. निशीथ काल 12 नवंबर को रात 11.39 बजे से देर रात 12.32 बजे तक रहेगा.
दिवाली पर गणपति पूजा के लाभ
दिवाली पर गणपति पूजन से हर तरह की बाधा दूर होती है. भगवान गणपति की पूजा से धन लाभ के प्रयोग भी किए जाते हैं. गणेश जी की पूजा से संतान की आयु की रक्षा होती है और बुद्धि प्रबल होती है. श्री गणेश के पूजन से संतान को शिक्षा में उन्नति मिलती है.
लक्ष्मी पूजा के नियम और सावधानियां
मां लक्ष्मी की पूजा सफेद या गुलाबी वस्त्र पहनकर करनी चाहिए. मां लक्ष्मी के उस प्रतिमा या मूर्ति की पूजा करनी चाहिए, जिसमें वह गुलाबी कमल के पुष्प पर बैठी हों. साथ ही उनके हाथों से धन बरस रहा हो. मां लक्ष्मी को गुलाबी पुष्प विशेषकर कमल चढ़ाना सर्वोत्तम होता है.
कैसे करें दीपावली की पूजा?
दिवाली पर पूर्व दिशा या ईशान कोण में एक चौकी रखें. चौकी पर लाल या गुलाबी वस्त्र बिछाएं. पहले गणेश जी की मूर्ति रखें. फिर उनके दाहिने और लक्ष्मी जी को रखें. आसन पर बैठें और अपने चारों और जल छिड़क लें. इसके बाद संकल्प लेकर पूजा आरम्भ करें. एक मुखी घी का दीपक जलाएं. फिर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश को फूल और मिठाइयां अर्पित करें.
इसके बाद सबसे पहले गणेश और फिर मां लक्ष्मी के मंत्रों का जाप करें. अंत में आरती करें और शंख ध्वनि करें. घर में दीपक जलाने से पहले थाल में पांच दीपक रखकर फूल आदि अर्पित करें. इसके बाद घर के अलग-अलग हिस्सों में दीपक रखना शुरू करें. घर के अलावा कुएं के पास और मंदिर में दीपक जलाएं. दीपावली का पूजन लाल, पीले या चमकदार रंग के वस्त्र धारण करके करें. काले, भूरे या नीले रंग से परहेज करें.
इन 5 राशिवालों को मिलेगा मां लक्ष्मी का आशीर्वाद
मेष: दिवाली के दिन आपकी राशिवालों को माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होगी. आपके मान और सम्मान में वृद्धि होगी. आपके काम की तारीफ होगी और यश-कीर्ति में बढ़ोत्तरी होगी. दिवाली का दिन आपको धन लाभ करा सकता है. आपको किसी से बहुमूल्य उपहार मिल सकता है. घर में खुशियों का आगमन होगा. पारिवारिक जीवन खुशहाल रहेगा. मन को शांत रखकर काम करें. वाणी पर संयम रखें.
वृष: इस साल की दिवाली आपके आनंद में वृद्धि करने वाली होगी. इस दिन आपको कोई बड़ा आर्थिक लाभ हो सकता है. पुराने निवेश से बड़ा धन लाभ हो सकता है. कार्यस्थल पर सहकर्मियों से भी लाभ मिलेगा. इस दिन जो कार्य करेंगे, उसमें सफलता प्राप्त होगी. विवाहित महिलओं को कोई खुशखबर मिल सकती है. मायके से उपहार प्राप्त होगा. इस दिन आपकी सेहत अच्छी रहेगी, लेकिन खानपान पर नियंत्रण रखें.
धनु: इस बार की दिवाली आपके लिए लाभकारी हो सकती है. माता लक्ष्मी की कृपा से आमदनी में वृद्धि होने की संभावना है. परिवार में खुशियां आएंगी क्योंकि पुराने विवाद का निपटारा हो जाएगा. मन की कड़वाहट दूर होगी. आज के दिन स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेंगे. आपके धन-धान्य में वृद्धि होगी. दोस्तों के साथ मौजमस्ती में दिन बीतेगा.
मकर: बिजेनस करने वालों को दिवाली के दिन आर्थिक लाभ होने की उम्मीद है. आपको मुनाफा कमाने के नए अवसर प्राप्त होंगे. आर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार होगा. आर्थिक दृष्टि से देखा जाए तो दिवाली आपके लिए बहुत ही शानदार रहने वाली है. करियर में भागदौड़ का सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है. आपके पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि हो सकती है. दिवाली पर उपहार मिलेगा.
मीन: बिजनेस करने वालों पर माता लक्ष्मी प्रसन्न रहेंगी. उनको धन लाभ होगा. कोई पुराना अटका हुआ धन मिलने से मन का बोझ उतर जाएगा. आप बिजनेस से जुड़ी अन्य योजनाओं पर विचार करेंगे. इस दिन आपके सुख और सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहेगी. मेहनत का पूरा फल मिलेगा. अचानक धन लाभ पाने से आपकी वित्तीय स्थिति अच्छी होगी. सेहत का ध्यान रखें.
प्रस्तुति: भूपेंद्र तिवारी

