ABC News: जलनिगम का लापरवाह रवैया एक बार फिर से करीब डेढ़ सौ घरों पर भारी पड़ा है. लापरवाही भरी खुदाई की वजह से सोमवार शाम को पीएनजी लाइन टूट गई. इसकी वजह से शारदानगर, विनायकपुर के करीब 150 घरों में पीएनजी की सप्लाई रूक गई. अचानक पीएनजी की सप्लाई रूकने से यहां रहने वाले लोगों के घरों के चूल्हे तक नहीं जल पाए. इसकी वजह से लोग परेशान देखे गए. शाम से बंद हुई पीएनजी सप्लाई मंगलवार भी नहीं शुरू हुई तो लोग परेशान हो गए.

उनका कहना था कि कंट्रोल रूम में कोई फोन नहीं उठा रहा. सीयूजीएल अधिकारी उनकी शिकायत को सुन नहीं रहे हैं. घरों में पीएनजी न पहुंचने से सुबह सबसे ज्यादा समस्या बच्चों के टिफिन को लेकर हुई. इसके अलावा जिन घरों में श्राद्ध कार्यक्रम था, वहां भी गैस को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ा. शारदानगर में रहने वाले संत मिश्र और ज्ञानेंद्र विश्नोई ने बताया कि गैस न होने की वजह से श्राद्ध कार्यक्रम में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर का खाना भी नहीं बन पाया. दिन बिना गैस की वजह बीतने पर लोगों ने खाने के लिए रिश्तेदारों की मदद ली तो किसी ने आनलाइन आर्डर कर खाना मंगवाया.

परेशान लोगों का कहना था कि न तो रात का खाना बन पाया और न ही पूरे दिन से घर में चूल्हा जला है. ऐसे में बाहर से खाना मंगवाना उनकी मजबूरी बन गया है. वहीं, सीयूजीएल अधिकारियों का कहना है कि जलनिगम की सीवर लाइन के नीचे से पीएनजी लाइन जा रही है, जिसकी मरम्मत में परेशानी हो रही है. हालांकि, मंगलवार को दोपहर तीन बजे के बाद पीएनजी सप्लाई शुरू हुई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

