ABC News: सामाजिक सरोकारों के लिए हमेशा एक कदम आगे रहने वाले युग दधीचि देहदान संस्थान ने उन अजन्मी बच्चियों के लिए तर्पण कराया, जिन्हें दुनिया में आने से पहले ही कोख में मार दिया जाता है. सरसैयाघाट पर बेटी बचाओ अभियान के तहत किए गए कार्यक्रम में गर्भ में ही मार दी गई बेटियों के लिए तर्पण किया गया.

तर्पण के इस कार्यक्रम में समाज की विदुषी महिलाओं को शामिल कर संदेश दिया गया कि बेटियां किसी पर बोझ नहीं होती बल्कि अगर सही से लालन पालन किया जाए, तो माता पिता के साथ वह परिवार का नाम भी रोशन करती हैं. इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पांचवी बरसी पर उनकी पौत्री नंदिता ने तर्पण और पिंडदान किया. इसके अलावा बलिदानियों और दिवंगत देहदानियों का भी तर्पण और पिंडदान किया गया.

अभियान संयोजक मनोज सेंगर और माधवी सेंगर ने बताया कि जिन बच्चियों को कोख में मार दिया जाता है, उनके लिए अब लड़ने का वक्त है, ऐसे में सभी को जागरूक होना पड़ेगा. खासतौर पर जब महिलाएं सफलता के नए सोपान चढ़ रही हैं तो बेटियों के लिए सभी को पुरजोर तरीके से आवाज उठानी होगी. इस दौरान पूर्व महापौर जगतवीर सिंह द्रोण, विधायक नीलिमा कटियार, संतोष अग्रवाल, पार्षद महेंद्र पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

