ABC NEWS: कानपुरके नौबस्ता में संजय गांधी नगर स्थित सेना की वर्दी बनाने वाली एक फैक्ट्री के गोदाम में आज सुबह करीब 3 बजे भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी जद में ले लिया. फैक्ट्री से आग की लपटें और धुआं उठता देखकर समूचे इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर दमकल के 100 से अधिक कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.
मिली जानकारी के अनुसार नौबस्ता में सुनील का गोदाम है. यहां वर्दी तैयार होती हैं. सुनील ने बताया कि देर रात करीब 3 बजे पड़ोसियों ने सूचना दी कि गोदाम में धुआं उठ रहा और आग की लपटें दिख रही हैं. जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उन्होंने और मोहल्ले के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
चश्मदीद लोगों के मुताबिक पूरा गोदाम चंद मिनट में ही आग का गोला बन गया. सूचना पर CFO दीपक शर्मा फायर ब्रिगेड की 5 पांच गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे हैं. आग को बढ़ता देख 5 और गाड़ियां बुलानी पड़ी. गोदाम के चारों तरफ से आग पर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई.

5 घंटे बाद भी आग को पूरी तरह से काबू नहीं किया जा सका है. मौके पर डीसीपी रवींद्र कुमार, एडीसीपी अंकिता शर्मा और पुलिस कमिश्नर डॉ. आरके स्वर्णकार भी पहुंचे। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि करीब 5 घंटे की मशक्कत से आग को काबू कर लिया गया है. अब आग को पूरी तरह से ठंडा करने के लिए गोदाम के चारों तरफ से पानी की बौछार की जा रही है.
खाली कराए गए 50 से ज्यादा घर
CFO ने बताया कि कपड़े का गोदाम होने के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था. इसके चलते मोहल्ले के करीब 50 से ज्यादा घर खाली कराए गए. इससे कि कोई और मकान आग की चपेट में आए तो किसी भी तरह की जनहानि नहीं हो. 5 घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को काबू किया तब जाकर इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली.
मानकों की अनदेखी
उन्होंने बताया कि मानकों की अनदेखी करके आबादी के बीच इतना बड़ा कपड़े का गोदाम बना दिया गया था. यहां सेना की वर्दी तैयार की जाती है. उसी का रॉ मैटेरियल भी गोदाम में मौजूद था. गोदाम में फायर फाइटिंग का कोई भी सिस्टम मौजूद नहीं था. गोदाम मालिक अभी तक गोदाम के लिए फायर की एनओसी समेत अन्य दस्तावेज नहीं दिखा सके हैं. एक टीम इन सभी तथ्यों की भी जांच कर रही है. आग कैसे लगी, इसके कारणों का पता किया जा रहा है.

